1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. 'लौट आओ हाथी चींटी, भारत में इंसान जोक्स करें तो किस पर', कामरा और शिंदे विवाद पर जानिए किस कॉमेडियन का छलका दर्द?

'लौट आओ हाथी चींटी, भारत में इंसान जोक्स करें तो किस पर', कामरा और शिंदे विवाद पर जानिए किस कॉमेडियन का छलका दर्द?

कॉमेडियन कुणाल कामरा के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो गई है। कामरा ने एक कॉमेडी शो के दौरान महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की थी। इसके बाद से कामरा और शिंदे के बीच का विवाद गर्मा गया है।

कॉमेडियन कुणाल कामरा- India TV Hindi
Image Source : FILE PHOTO कॉमेडियन कुणाल कामरा

कॉमेडियन कुणाल कामरा ने महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे के खिलाफ एक शो में अभद्र टिप्पणी की है। कुणाल कामरा ने जिस जगह पर ये शो किया था, वहां पर शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने तोड़फोड़ भी की है। शिव सैनिकों ने मुंबई पुलिस में कुणाल कामारा के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई है। इस बीच, कुणाल कामरा के समर्थन में कॉमेडियन अभिजीत गांगुली ने आवाज उठाई है। भारत में कॉमेडी किए जाने को लेकर उनका दर्द भी छलका है।

जोक्स करे तो किस पर करे?

कॉमेडियन अभिजीत गांगुली ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'भारत में इंसान जोक्स करे तो किस पर करे। पॉलिटिशियन पर करे तो समर्थक वेन्यू तोड़ देते हैं। क्रिकेटर या एक्टर पर करे तो उनकी फैन आर्मी दो महीने तक आपके सोशल मीडिया अकाउंट पर गाली देती है।'

जोक में हाथी और चींटी के लौटने की कही बात

इसके साथ ही कॉमेडियन गांगुली ने कहा, 'क्राउडवर्क करे तो इंटेलेक्चुअल बोलते हैं, ये रियल कॉमेडी नहीं है। अपनी बीवी पर करे तो वो लोग सेक्सिस्ट कहते हैं। अपने मां-बाप पे करे तो लोग संस्कारहीन कहते हैं। लौट आओ हाथी चींटी।'

स्टैंड-अप कॉमेडी करते हैं अभिजीत गांगुली

बता दें कि अभिजीत गांगुली स्टैंड-अप कॉमेडियन, लेखक और अभिनेता हैं, जो मुख्य रूप से अपनी हास्य शैली और रोजमर्रा की जिंदगी पर आधारित व्यंग्यात्मक टिप्पणियों के लिए जाने जाते हैं। अभिजीत ने स्टैंड-अप कॉमेडी के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई है। अभिजीत ने कई लोकप्रिय कॉमेडी शो में हिस्सा लिया है।  यूट्यूब जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर अपने विशेष स्टैंड-अप प्रदर्शन के लिए भी प्रसिद्ध हैं।

Image Source : Facebook/Abijit Gangulyकॉमेडियन अभिजीत गांगुली

जहां हुई रिकॉर्डिंग, उस स्टूडियों में हुई तोड़फोड़

कुणाल कामरा द्वारा शिंदे के खिलाफ अभद्र टिप्पणी किए जाने के बाद शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने रविवार को मुंबई के खार इलाके में स्थित हैबिटेट स्टूडियो में तोड़फोड़ की। यहीं पर कामरा का स्टैंड-अप कॉमेडी शो की रिकॉर्डिंग हुई थी।