A
  1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. अजित पवार की बारामती सीट नहीं रहेगी निर्विरोध, कांग्रेस ने प्रत्याशी के नाम का किया ऐलान

अजित पवार की बारामती सीट नहीं रहेगी निर्विरोध, कांग्रेस ने प्रत्याशी के नाम का किया ऐलान

महाराष्ट्र की बारामती सीट पर कांग्रेस ने प्रत्याशी के नाम का ऐलान कर दिया है। इससे पहले आज ही सुनेत्रा पवार ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष से फोन पर बात की थी और इस सीट को निर्विरोध रखने का आग्रह किया था। वहीं अब कांग्रेस की ओर से प्रत्याशी का ऐलान होने के बाद यह सीट निर्विरोध नहीं रह गई है।

कांग्रेस ने आकाश मोरे को बारामती से बनाया प्रत्याशी। - India TV Hindi
Image Source : PTI/FILE कांग्रेस ने आकाश मोरे को बारामती से बनाया प्रत्याशी।

महाराष्ट्र की बारामती विधानसभा सीट पर उपचुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। वहीं अब कांग्रेस ने इस सीट के लिए अपने प्रत्याशी के नाम का ऐलान भी कर दिया है। इससे पहले यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि अजित पवार के सम्मान में इस सीट को निर्विरोध रखा जाएगा। हालांकि अब कांग्रेस की ओर से प्रत्याशी के नाम का ऐलान होने के बाद इन अटकलों पर विराम लग गया है और यह तय हो गया है कि बारामती सीट निर्विरोध नहीं रहेगी। इससे पहले आज ही सुनेत्रा पवार ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल को फोन करके उनसे निर्विरोध उपचुनाव सुनिश्चित करने का आग्रह किया था।

कांग्रेस ने आकाश मोरे को बनाया उम्मीदवार

दरअसल, बारामती विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी ने आकाश मोरे को चुनावी मैदान में उतारा है। आकाश मोरे कांग्रेस पार्टी के प्रदेश इकाई के सचिव हैं। आकाश मोरे का मुकाबला महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार से होगा, जो अजित पवार की पत्नी हैं। अजित पवार की प्लेन क्रैश में निधन के बाद से यह सीट खाली थी, जिसपर उपचुनाव कराया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि आकाश मोरे पार्टी के पूर्व विधानपरिषद सदस्य विजयराव मोरे के बेटे हैं और धांगर समुदाय से संबंध आते हैं। उन्होंने बताया कि वह सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे जो इस प्रक्रिया की अंतिम तिथि है। 

सुनेत्रा पवार ने विपक्षी दलों से की थी निर्विरोध चुनाव की अपील

बता दें कि बारामती सीट पर निर्विरोध चुनाव कराने को लेकर तमाम प्रयास किए जा रहे थे। इसके लिए सुनेत्रा पवार ने आज ही कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष से फोन पर बात भी की थी। वहीं एक दिन पहले, सुनेत्रा पवार ने शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे से भी समर्थन मांगा था। इसके अलावा शरद पवार की एनसीपी ने पहले ही घोषणा कर दी थी कि वह बारामती सीट पर अजित पवार के सम्मान में उपचुनाव नहीं लड़ेगी। ऐसे में अब कांग्रेस की ओर से प्रत्याशी का नाम घोषित करने के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। बता दें कि इस सीट पर 23 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे। 

यह भी पढ़ें-

बंगाल चुनाव 2026: BJP ने पहले चरण के चुनाव के लिए स्टार प्रचारकों की लिस्ट की जारी, ये बड़े नाम शामिल