A
  1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र में एक दिन में कोरोना वायरस के सबसे अधिक मामले सामने आए, मरीजों की कुल संख्या 11506 पहुंची

महाराष्ट्र में एक दिन में कोरोना वायरस के सबसे अधिक मामले सामने आए, मरीजों की कुल संख्या 11506 पहुंची

महाराष्ट्र में शुक्रवार को एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के सबसे अधिक 1,008 मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही राज्य में कोविड-19 संक्रमितों की संख्या बढ़कर 11,506 हो गई है।

Coronavirus cases in Maharashtra till 1st May- India TV Hindi
Coronavirus cases in Maharashtra till 1st May

मुंबई: महाराष्ट्र में शुक्रवार को एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के सबसे अधिक 1,008 मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही राज्य में कोविड-19 संक्रमितों की संख्या बढ़कर 11,506 हो गई है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि शुक्रवार को 26 लोगों की मौत हुई और 106 लोगों को छुट्टी दे दी गई। राज्य में मृतकों की संख्या 485 हो गई है। छुट्टी पा चुके लोगों की तादाद 1,879 है।

शुक्रवार को पुणे शहर में 10, मुंबई में पांच, जलगांव जिले में तीन और पुणे जिले, सिंधूदुर्ग, भिवंडी, ठाणे, नांदेड़, औरंगाबाद, और परभणी में एक एक व्यक्ति की मौत हुई। इसके अलावा मुंबई में उत्तर प्रदेश के निवासी की संक्रमण के इलाज के दौरान मौत हो गई। बयान में कहा गया है कि 26 में से 15 रोगी कई बीमारियों से जूझ रहे थे।

वहीं देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 751 नये मामले सामने आये। यहां किसी एक दिन में कोविड-19 का यह सर्वाधिक मामला है। नगर निकाय अधिकारियों ने यह जानकारी दी। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को शहर में संक्रमण के 751 नये मामले आने से कोविड-19 के कुल मामले बढ़ कर 7,625 हो गये हैं।

उन्होंने बताया कि आज कोविड-19 के पांच मरीजों की मौत हुई। यहां अब तक कुल 295 संक्रमित व्यक्तियों की मौत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटे में 95 मरीजों को संक्रमण मुक्त होने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दी गई। इसी अवधि के दौरान कोविड-19 के 484 संदिग्ध मरीजों को अस्पतालों में भर्ती किया गया।