1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. मुंबई के मॉल में '1 रुपये की सेल' सुनकर उमड़ी भीड़, भगदड़ जैसी स्थिति बनी; पुलिस ने संभाले हालात

मुंबई के मॉल में '1 रुपये की सेल' सुनकर उमड़ी भीड़, भगदड़ जैसी स्थिति बनी; पुलिस ने संभाले हालात

मुंबई के एक मॉल में एक रुपये की सेल सुनकर भीड़ जुट गई। हालांकि भीड़ को देखते हुए सेल रद्द कर दी गई, जिसके बाद मॉल में भगदड़ जैसे हालात बन गए।

मॉल में अचानक बढ़ी भीड़।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT मॉल में अचानक बढ़ी भीड़।

मुंबई: शहर के मलाड इलाके से शनिवार को एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया। दरअसल, आज सुबह करीब 11-12 बजे के आस पास मुंबई के मलाड स्थित इन्फिनिटी मॉल में भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। मिली जानकारी के मुताबिक इन्फिनिटी मॉल के एक शोरूम में भारी भीड़ उमड़ी थी। यहां मॉल में एक ब्रांड की ओर से '1 रुपये की सेल' की घोषणा की गई थी। इस घोषणा के बाद बड़ी संख्या में ग्राहक मॉल पहुंच गए थे। देखते ही देखते मॉल में बहुत भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। 

मॉल में उमड़ी भीड़

वहीं बढ़ती भीड़ को देखते हुए ब्रांड की तरफ से सेल रद्द कर दिया गया। वहीं जब सेल रद्द होने की जानकारी मिली तो ग्राहकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस दौरान मॉल में भीड़ की वजह से भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हालांकि सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी मॉल में पहुंच गई। इसके बाद मुंबई पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए लोगों को काबू में किया और सभी को शांत कर वापस भेजा गया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मॉल के अंदर लोगों को हंगामा करते हुए देखा जा सकता है।

धक्का-मुक्की करते दिखे लोग

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कई वीडियो में आउटलेट के बाहर भारी भीड़ जमा दिखने को मिल रही है। बढ़ती भीड़ को संभालने और लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई। कई वीडियो में लोग शोरूम के एंट्री गेट के पास धक्का-मुक्की करते दिखे, जबकि सिक्योरिटी स्टाफ हालात को संभालने में मशक्कत करता नजर आया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि भीड़ सिर्फ उस शोरूम के बाहर ही जमा थी क्योंकि वहां जगह कम थी, जबकि मॉल का बाकी हिस्सा ज़्यादातर खाली था और वहां कामकाज सामान्य रूप से चल रहा था। 

दिन भर के लिए बंद किया गया शोरूम

हालांकि, शोरूम के मालिक की ओर से बार-बार की गई घोषणाओं के बाद अधिकारियों ने भीड़ को वहां से हटा दिया। इन घोषणाओं में बताया गया था कि बिगड़ते हालात को देखते हुए स्टोर दिन भर के लिए बंद रहेगा। मिली जानकारी के अनुसार, फ़ैशन ब्रांड NEWME के ​​प्रमोशनल ऑफर में दावा किया गया था कि डिस्काउंट वाली सेल का फ़ायदा सिर्फ पहले 100 से 125 ग्राहकों को ही मिलेगा, जिससे खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जब ग्राहक सुबह-सुबह ही शोरूम के बाहर जमा होने लगे, तो जल्द ही हालात बेकाबू हो गए और पुलिस को दखल देना पड़ा।

यह भी पढ़ें-

लखनऊ: बीच सड़क पर शख्स ने महिला पर चाकू से किया हमला, सामने आया VIDEO; आरोपी फरार