1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. मुंबई: ट्रेन के टॉयलेट में मिला बच्चे का शव, अपहरण के बाद हत्या की आशंका; जांच में जुटी पुलिस

मुंबई: ट्रेन के टॉयलेट में मिला बच्चे का शव, अपहरण के बाद हत्या की आशंका; जांच में जुटी पुलिस

मुंबई में एक बच्चे का शव ट्रेन के अंदर से बरामद हुआ है। ट्रेन के टॉयलेट में रखे कूड़ेदान में बच्चे का शव मिला है। आशंका जताई जा रही है कि अपहरण के बाद बच्चे की हत्या कर शव को फेंका गया है।

ट्रेन के टॉयलेट में मिला शव।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT ट्रेन के टॉयलेट में मिला शव।

मुंबई LTT रेलवे स्टेशन से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बच्चे का शव ट्रेन के अंदर कूड़ेदान से मिला है। बच्चे की उम्र 07 से 08 साल बताई जा रही है। गोरखपुर से मुंबई के लिए चलने वाली कुशीनगर एक्सप्रेस में बच्चे का शव मिला है। ट्रेन के टॉयलेट में बने कूड़ेदान के अंदर बच्चे का शव फेंका हुआ था। फिलहाल पुलिस की टीम ने बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है। जानकारी के मुताबिक बच्चे का सूरत से अपहरण किया गया था और फिर हत्या कर ट्रेन में शव को फेंक दिया गया। 

टॉयलेट के कूड़ेदान में मिला शव

दरअसल, गाड़ी संख्या 22537 कुशीनगर एक्सप्रेस के AC कोच के कूड़ेदान में एक बच्चे का शव बरामद किया गया। यह घटना ट्रेन के B2 कोच के टॉयलेट की है। यहां टॉयलेट में रखे कूड़ेदान के अंदर से एक बच्चे का शव मिला, जिसकी उम्र 07 से 08 वर्ष बताई जा रही है। बच्चे का शव मुंबई LTT रेलवे स्टेशन से बरामद किया गया है। फिलहाल शव बरामद होने के बाद GRP ने केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। 

अपहरण के बाद हत्या की आशंका

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक बच्चे का सूरत से अपहरण किया गया था। इसके बाद उसकी हत्या कर दी गई और उसके शव को ट्रेन के टॉयलेट में रखे कूड़ेदान में फेंक दिया गया था। फिलहाल पुलिस की टीम पीड़ित बच्चे के परिवार से संपर्क करने में जुटी हुई और मामले में आगे की जांच भी कर रही है। पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में जल्द ही आरोपियों की पहचान कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। 

कचरे के गड्ढे में मिला शव

एक अन्य मामले में केरल के एर्नाकुलम जिले में एक खाली पड़े मकान में कचरे के गड्ढे में अज्ञात महिला का क्षत-विक्षत शव मिला है। पुलिस ने बताया कि शव एर्नाकुलम जिले के नेरियामंगलम के पास ओन्नुकल में मिला। संदेह है कि महिला की हत्या की गई है। अधिकारियों के मुताबिक यह मकान एर्नाकुलम के कुरुप्पमपडी में रहने वाले एक पादरी का है।