1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. नायब तहसीलदार ने फिल्मी अंदाज में JCB पर लटककर की अवैध खनन माफिया को रोकने की कोशिश, VIDEO आया सामने

नायब तहसीलदार ने फिल्मी अंदाज में JCB पर लटककर की अवैध खनन माफिया को रोकने की कोशिश, VIDEO आया सामने

Nagpur Illegal Mining Case: नागपुर में नायब तहसीलदार को ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश की गई। इसके बाद, नायब तहसीलदार ने फिल्मी अंदाज में JCB पर लटककर उसे रोकने की कोशिश की, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है।

Nagpur illegal mining case- India TV Hindi
Image Source : REPORTERS INPUT नायब तहसीलदार ने JCB पर लटककर की अवैध खनन माफिया को रोकने की कोशिश की।

Nagpur Deputy Tehsildar Viral Video: महाराष्ट्र में नागपुर के कुही तहसील के बोरी नईक गांव में मंगलवार की रात करीब 11:30 बजे अवैध खनन पर कार्रवाई के दौरान बेहद खतरनाक और सनसनीखेज  घटना सामने आई। यहां राजस्व विभाग की टीम पर हमला करने का प्रयास किया गया। साथ ही, नायब तहसीलदार को ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश भी गई। इस दौरान, नायब तहसीलदार फिल्मी अंदाज में JCB पर लटक गए और खनन माफिया को रोकने की कोशिश की। कुही पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

जेसीबी से लटकते हुए 4 KM तक आरोपी का पीछा किया

बता दें कि अवैध खनन के खिलाफ कुही तहसील के प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। बोरी नईक  इलाके में देर रात की गई छापेमारी के दौरान, नायब तहसीलदार बुद्धभूषण निकालजे ने अपनी जान जोखिम में डालकर चलती जेसीबी से लटकते हुए करीब 3 से 4 किलोमीटर तक आरोपी का पीछा किया।

नायब तहसीलदार को ट्रैक्टर से कुचलने का प्रयास

जानकारी के अनुसार, राजस्व विभाग को अवैध खनन की गुप्त सूचना मिली थी। फिर, सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और उन्हें देखते ही खनन माफिया भागने लगे। कार्रवाई शुरू होते ही माफियाओं ने दहशत फैलाने का प्रयास किया और एक ट्रैक्टर चालक ने सीधे निकालजे के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की।

राजस्व विभाग ने किया था JCB रोकने का प्रयास

इसके बाद राजस्व टीम ने जेसीबी नंबर एस 40 सीक्यू 2388 को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि जेसीबी चालक मयूर थोटे ने पुलिस और राजस्व अधिकारियों की परवाह किए बिना वाहन तेज रफ्तार से भगा दिया। इस दौरान, उसे रोकने के लिए बुद्धभूषण निकालजे जेसीबी पर चढ़ गए, लेकिन चालक ने उन्हें लटकने की परवाह नहीं की और JCB दौड़ाता रहा।

पुलिस ने JCB ड्राइवर को किया गिरफ्तार

ड्राइवर ने गाड़ी नहीं रोकते हुए नायब तहसीलदार को जेसीबी पर वैसे ही लटकाए रखा। फिर, बेहद अमानवीय तरीके से वाहन को तेज गति से दौड़ते हुए उन्हें नीचे गिराने के लिए बार-बार सड़क किनारे लगे कांटेदार झाड़ियां की ओर मोड़ा। इस दौरान, निकालजे के हाथ में चोट लग गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पुलिस ने मामला दर्ज कर जेसीबी चालक मयूर थोटे को गिरफ्तार कर लिया है।