1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. एकनाथ शिंदे ने पुणे में लगाया 'जय गुजरात' का नारा तो भड़का विपक्ष, बचाव में उतरे सीएम फडणवीस

एकनाथ शिंदे ने पुणे में लगाया 'जय गुजरात' का नारा तो भड़का विपक्ष, बचाव में उतरे सीएम फडणवीस

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने पुणे में आयोजित एक कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे द्वारा लगाए ‘जय गुजरात’ के नारे का शुक्रवार को बचाव किया। शिंदे ने कार्यक्रम में ‘‘जय हिंद, जय महाराष्ट्र, जय गुजरात’’ का नारा लगाया था।

एकनाथ शिंदे और देवेन्द्र फडणवीस- India TV Hindi
Image Source : X@MIEKNATHSHINDE एकनाथ शिंदे और देवेन्द्र फडणवीस

पुणेः महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शुक्रवार को पुणे में एक कार्यक्रम में 'जय गुजरात, जय महाराष्ट्र' का नारा लगाया। इस नारे पर विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने शिंदे पर तीखा हमला करते हुए इसे ‘सियासी गुलामी’ करार दिया। विपक्ष के हमले का जवाब देते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एकनाथ शिंदे की ‘जय गुजरात’ टिप्पणी का बचाव किया। फडणवीस ने कहा कि शिंदे ने ‘जय गुजरात’ कहा, इसका मतलब यह नहीं है कि शिंदे को महाराष्ट्र से ज्यादा गुजरात से प्यार है। उन्होंने कहा कि ऐसी संकीर्ण सोच मराठी मानुस को शोभा नहीं देती।

सीएम फडणवीस ने विपक्ष से पूछा ये सवाल

सीएम फडणवीस ने याद दिलाया कि जब कर्नाटक के चिकोडी में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का अनावरण किया गया था, तब पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद पवार ने ‘जय महाराष्ट्र, जय कर्नाटक’ का नारा लगाया था। उन्होंने सवाल किया कि क्या इसका अभिप्राय यह है कि शरद पवार कर्नाटक से ज्यादा प्यार करते हैं और महाराष्ट्र से कम?। 

हर्षवर्धन सपकाल ने एकनाथ शिंद पर साधा निशाना

कांग्रेस के सीनियर नेता हर्षवर्धन सपकाल ने शिंदे पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य के गौरव के साथ ‘विश्वासघात’ करने के लिए एकनाथ शिंदे को इस्तीफा देना चाहिए। सपकाल ने कहा कि महाराष्ट्र छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमि है, जो आत्मसम्मान और संप्रभुता के लिए खड़े थे। यह शर्म की बात है कि उपमुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठा एक नेता ‘जय महाराष्ट्र’ के बजाय ‘जय गुजरात’ का नारा लगाए। यह सियासी गुलामी के अलावा और कुछ नहीं है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने शिंदे पर लगाया ये आरोप

सपकाल ने दावा किया कि मूल शिवसेना को तोड़ने और गुजरात की ताकतों द्वारा पार्टी के नाम और प्रतीक से पुरस्कृत होने के बाद, शिंदे ने अपने राजनीतिक आकाओं को खुश करने के लिए सभी सीमाएं पार कर दी हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, ‘‘उनका ‘जय गुजरात’ का नारा महज चाटुकारिता नहीं है, बल्कि यह हर गौरवान्वित महाराष्ट्रवासी का अपमान है। शिंदे के कार्य दर्शाते हैं कि मौजूदा शासन में महाराष्ट्र की राजनीति में गुजरात का प्रभाव कितना गहरा हो गया है। सपकाल ने सवाल किया कि क्या शिंदे भूल गए हैं कि वह गुजरात के नहीं बल्कि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री हैं।  

बता दें कि एकनाथ शिंदे ने पुणे के कार्यक्रम में कहा, “जय हिंद, जय महाराष्ट्र, जय गुजरात।” इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अमित शाह भी मौजूद थे। शाह ने गुजराती भाषा में लोगों को संबोधित किया।

इनपुट- पीटीआई