A
  1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. देवेंद्र फडणवीस ने किसे दिया दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनाने का श्रेय? भावुक भाषण में लिया नाम

देवेंद्र फडणवीस ने किसे दिया दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनाने का श्रेय? भावुक भाषण में लिया नाम

बीजेपी के स्थापना दिवस पर देश के अलग-अलग हिस्सों में कई तरह के आयोजन किए जा रहे हैं। बीजेपी के कई सीनियर नेताओं ने इन कार्यक्रमों में हिस्सा लिया है। नागपुर में बीजेपी के नए कार्यालय का उद्घाटन किया गया।

महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस- India TV Hindi
Image Source : X/DEV_FADNAVIS महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस

भारतीय जनता पार्टी (BJP) आज अपना स्थापना दिवस मना रही है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) को दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनाने का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय तथा अटल बिहारी वाजपेयी जैसे दिग्गज नेताओं के प्रयासों को दिया है। 

1980 में बीजेपी की हुई स्थापना

बीजेपी की स्थापना साल 1980 में हुई थी। बीजेपी के गठन के बाद 1984 में हुए पहले लोकसभा चुनाव में पार्टी ने केवल दो सीट जीती थीं। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी द्वारा नागपुर में बीजेपी के नए कार्यालय की आधारशिला रखे जाने के बाद फडणवीस ने कहा कि ऐसा लग रहा है जैसे 'हमारे अपने घर का शिलान्यास हो रहा है।’

पीएम मोदी और श्यामा प्रसाद मुखर्जी समेत कई नेताओं का नाम

इस दौरान भावुक भाषण में फडणवीस ने कहा, ‘श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, अटल बिहारी वाजपेयी के प्रयासों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन गई है।’ उन्होंने बीजेपी के नए कार्यालय के लिए पांच लाख रुपये का योगदान दिया और पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं से अपनी क्षमता के अनुसार योगदान देने का अनुरोध किया है। 

इस तरह बनी बीजेपी

बता दें कि बीजेपी का उदय भारतीय जनसंघ से जुड़ा है, जो 1951 में श्यामा प्रसाद मुखर्जी द्वारा स्थापित किया गया था। जनसंघ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से प्रेरित था और हिंदू राष्ट्रवाद व सांस्कृतिक एकता के विचारों को बढ़ावा देता था। यह पार्टी मुख्य रूप से कांग्रेस के विकल्प के रूप में उभरी और 1977 में आपातकाल के बाद जनता पार्टी के गठन में शामिल हुई। हालांकि, जनता पार्टी का प्रयोग असफल रहा और 1980 में मतभेदों के कारण जनसंघ के नेताओं ने नई पार्टी यानी भारतीय जनता पार्टी (BJP) की स्थापना की। (भाषा के इनपुट के साथ)