A
  1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने मुंबई में विधान भवन के बाहर टेस्ला चलाई, सामने आया वीडियो

महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने मुंबई में विधान भवन के बाहर टेस्ला चलाई, सामने आया वीडियो

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मंगलवार को विधान भवन के बाहर टेस्ला कार की सवारी की। यह इलेक्ट्रिक वाहन क्षेत्र की दिग्गज कंपनी द्वारा भारत में अपना पहला शोरूम खोलने के कुछ ही देर बाद हुआ।

टेस्ला की कार चलाते हुए एकनाथ शिंदे- India TV Hindi
Image Source : X/MIEKNATHSHINDE टेस्ला की कार चलाते हुए एकनाथ शिंदे

मुंबईः महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भारत में टेस्ला के पहले शोरूम के उद्घाटन के एक दिन बाद मुंबई में विधान भवन के बाहर टेस्ला की टेस्ट ड्राइव ली। एक वीडियो में एकनाथ शिंदे को सिक्योरिटी गार्डों और पत्रकारों की भीड़ के बीच से सफ़ेद टेस्ला चलाते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में दिख रहा है कि धीरे-धीरे वह स्टीयरिंग घुमाते हैं और टेस्ट राइड का आनंद उठा रहे हैं।

एकनाथ शिंदे ने कही ये बात

एकनाथ शिंदे ने टेस्ला कार की टेस्ट ड्राइव का वीडियो एक्स हैंडल पर शेयर किया है। कार सवारी के बाद मीडिया से बात करते हुए शिंदे ने कहा, "यह बहुत बड़ी बात है कि टेस्ला ने मुंबई में अपना शोरूम खोला है। महाराष्ट्र में सबसे ज़्यादा प्रत्यक्ष विदेशी निवेश है। राज्य में अच्छा बुनियादी ढांचा है और निवेशक यहां निवेश करने को तैयार हैं क्योंकि महाराष्ट्र एक उद्योग-अनुकूल राज्य बन गया है। 

टेस्ला ने मुंबई में खोला भारत में पहला शो रूम

बता दें कि टेस्ला ने मंगलवार को मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) में 'टेस्ला एक्सपीरियंस सेंटर' नाम से अपना पहला शोरूम खोलकर भारतीय बाज़ार में आधिकारिक रूप से प्रवेश किया। 4,000 वर्ग फुट का यह स्थान इलेक्ट्रिक वाहन दिग्गज के भारतीय बाज़ार में लंबे समय से प्रतीक्षित प्रवेश की शुरुआत है। उम्मीद है कि टेस्ला दिल्ली सहित प्रमुख महानगरों में और आउटलेट खोलेगी। मुंबई शोरूम में फिलहाल टेस्ला की पूरी तरह से इलेक्ट्रिक एसयूवी मॉडल Y प्रदर्शित है, जिसकी भारत में कीमत 60 लाख रुपये से ज़्यादा होगी।

भारतीय बाज़ार के लिए, टेस्ला कथित तौर पर गहरे भूरे रंग में, काले अलॉय व्हील्स और एक स्लीक, कूपे जैसी आकृति के साथ, ताज़ा मॉडल Y पेश कर रही है। यह दो वेरिएंट में उपलब्ध होगी। इसके अंदर, मिनिमलिस्ट डिज़ाइन वाला डुअल-टोन ब्लैक एंड व्हाइट केबिन, 15.4-इंच का सेंट्रल टचस्क्रीन और वायरलेस चार्जिंग, USB-C पोर्ट, वॉयस कमांड, इंटरनेट कनेक्टिविटी और ऐप-आधारित व्हीकल एक्सेस जैसी तकनीकी खूबियां हैं। कंपनी ने कहा कि शुरुआत में पंजीकरण और आपूर्ति दिल्ली, मुंबई और गुरुग्राम में होगी। रियर व्हील ड्राइव संस्करण की रेंज 500 किलोमीटर है, जबकि लंबी दूरी के रियर व्हील ड्राइव संस्करण को एक बार चार्ज करके 622 किलोमीटर तक चलाया जा सकता है।