A
Hindi News महाराष्ट्र अपनी पार्टी शिवसेना को लेकर एकनाथ शिंदे ने दिया बड़ा बयान, उद्धव ठाकरे पर फिर बोला हमला

अपनी पार्टी शिवसेना को लेकर एकनाथ शिंदे ने दिया बड़ा बयान, उद्धव ठाकरे पर फिर बोला हमला

एकनाथ शिंदे ने शिवसेना को लेकर कहा कि पार्टी हर गुजरते दिन के साथ और भी मजबूत हो रही है। साथ ही उन्होंने उद्धव ठाकरे पर भी निशाना साधा।

एकनाथ शिंदे और उद्धव ठाकरे- India TV Hindi Image Source : PTI एकनाथ शिंदे और उद्धव ठाकरे

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शनिवार को शिवसेना के बढ़ते प्रभाव और उसकी मजबूती को लेकर बड़ा बयान दिया। शिंदे ने कहा कि पार्टी हर गुजरते दिन के साथ और भी मजबूत हो रही है और इस समय विभिन्न दलों के नेता शिवसेना में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने इस बात का भी जिक्र किया कि पार्टी में शामिल हो रहे नेताओं की संख्या दिन-ब-दिन बढ़ रही है।

लाडकी बहिन योजना का किया जिक्र

दरअसल, एकनाथ शिंदे शनिवार को ‘एकनाथ पर्व’ नामक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने जून 2022 से लेकर 2024 के अंत तक मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल में की गई कई अहम योजनाओं का जिक्र किया। इनमें से एक प्रमुख योजना थी 'लाडकी बहिन योजना', जिसके तहत ढाई लाख रुपये से कम वार्षिक पारिवारिक आय वाली महिलाओं को मासिक सहायता के रूप में 1500 रुपये मिलते हैं।

"जबकि कुछ लोग अपने घरों में ही बैठे थे"

वहीं, उद्धव ठाकरे पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए एकनाथ शिंदे ने कहा कि वह कोरोना महामारी के दौरान लगातार मैदान में थे, जबकि कुछ लोग अपने घरों में ही बैठे थे। शिंदे और बीजेपी के नेता अक्सर कोरोना महामारी के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री ठाकरे पर मुंबई के बांद्रा इलाके में अपने घर मातोश्री से प्रशासन को संचालित करने का आरोप लगाते रहे हैं।

"विभिन्न दलों के नेता हमारे साथ जुड़ रहे हैं"

उपमुख्यमंत्री ने आगे कहा, "शिवसेना दिन-प्रतिदिन मजबूत होती जा रही है और विभिन्न दलों के नेता प्रतिदिन हमारे साथ जुड़ रहे हैं। हवाएं चाहे जितनी भी (बुझाने की) कोशिश करें, लेकिन शिवसेना का दीया हमेशा जलता रहेगा।" (इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें-

‘जैसे ही हम कंटेनर से बाहर निकले…’, उत्तराखंड में हिमस्खलन से बचाए गए मजदूरों ने सुनाई आपबीती

महाकुंभ स्नान के बाद क्या त्वचा रोग का आया कोई मामला, इस पर क्या बोले यूपी के स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक?