A
  1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र के भाजपा प्रमुख का अजब गजब बयान-कांग्रेस को 'खाली' कर दो, नेताओं को BJP में ले आओ

महाराष्ट्र के भाजपा प्रमुख का अजब गजब बयान-कांग्रेस को 'खाली' कर दो, नेताओं को BJP में ले आओ

महाराष्ट्र के भाजपा प्रमुख और राज्य सरकार में मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने अपने कार्यकर्ताओं से कहा है कि कांग्रेस को खाली कर दो, उनके नेताओं को भाजपा में ले आओ। जानें और क्या कहा?

maharshtra bjp chief- India TV Hindi
Image Source : FILE PHOTO चंद्रशेखर बावनकुले ने दिया अजब गजब बयान

पुणे: महाराष्ट्र भाजपा प्रमुख और राज्य मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कथित तौर पर पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा- कांग्रेस के नेताओं को शामिल करके इस पार्टी को ही खाली करा दीजिए। उनके इस बयान से कांग्रेस में नाराजगी बढ़ गई है। कांग्रेस ने कहा है कि पार्टी लोगों की है और वे "वैचारिक रूप से" इससे जुड़े हुए हैं। बता दें कि बावनकुले ने रविवार को पुणे में पार्टी के एक कार्यक्रम के दौरान स्थानीय कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए यह विवादित टिप्पणी की थी।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ ऑडियो क्लिप

सोशल मीडिया पर सामने आए उनके भाषण के एक ऑडियो क्लिप में, भाजपा नेता ने कहा, "संग्राम थोपटे जैसे लोगों को पार्टी में लाओ। कांग्रेस को खाली कर दो। इस बात की चिंता मत करो कि अगर कांग्रेस के नेता भाजपा में शामिल हो गए तो क्या होगा। जितना आप कांग्रेस को खाली करेंगे, उतना ही आपको राजनीतिक रूप से फायदा होगा। देवेंद्र फडणवीस, मुरलीधर मोहोल (पुणे लोकसभा सांसद) और मैं आपके साथ हैं। जब भाजपा टिकट देती है, तो वह अपने कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देती है।"

थोपटे ने भाजपा ज्वाइन कर लिया था

कांग्रेस के वफादार और भोर निर्वाचन क्षेत्र से पूर्व विधायक थोपटे हाल ही में मुंबई में भाजपा में शामिल हुए। बाद में पत्रकारों से बात करते हुए बावनकुले ने कहा कि कांग्रेस नेताओं में पार्टी का आधार बढ़ाने की क्षमता नहीं है। उन्होंने कहा, "कांग्रेस में कुछ नहीं बचा है। कोई भी शरद पवार की पार्टी में नहीं जा रहा है और सभी लोग उद्धव ठाकरे को भूल गए हैं। अगर वे अपनी पार्टी नहीं संभाल सकते तो हम क्या करें? अगर उनकी पार्टी के लोग जा रहे हैं तो मैं क्या करूं।"

बावनकुले के बयान पर कांग्रेस ने कसा तंज

 बावनकुले के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड़ ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोगों की पार्टी है और वे वैचारिक रूप से इससे जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि कई लोगों ने पहले भी कांग्रेस पर निशाना साधा है, लेकिन पार्टी लोगों की है और वे इसकी विचारधारा के कारण इससे जुड़े हुए हैं। गायकवाड़ ने कहा कि अन्य पार्टियों के बारे में ऐसी टिप्पणी करने के बजाय नेताओं को अपने दल का ध्यान रखना चाहिए।