1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. VIDEO: बारिश से अपनी मूंगफली को बचा रहा था किसान, कृषि मंत्री शिवराज चौहान ने की फोन पर उससे बात, जानिए क्या कहा?

VIDEO: बारिश से अपनी मूंगफली को बचा रहा था किसान, कृषि मंत्री शिवराज चौहान ने की फोन पर उससे बात, जानिए क्या कहा?

महाराष्ट्र के एक किसान का मार्मिक वीडियो पिछले दिनों वायरल हुआ था। मंडी में हो रही बारिश से किसान अपनी मूंगफली को बचा रहा था। बारिश में उसकी मूंगफली बह गई थी। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उस किसान से फोन पर बात की है।

मूंगफली को बहने से बचाता किसान और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज चौहान- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV मूंगफली को बहने से बचाता किसान और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज चौहान

महाराष्ट्र के वाशिम जिले के एक किसान का मार्मिक वीडियो पिछले दिनों सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था। एक किसान बारिश के बीच मंडी में रखी अपनी मूंगफली को बहने से बचाने की कोशिश करता है। मंडी (मानोरा बाजार समिति) में हो रही तेज बारिश और पानी के बहाव में उसकी सारी मूंगफली बह जाती है। इस मूंगफली को ये किसान मंडी में बेचने के लिए लाया था। इस पर अब केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज चौहान की प्रतिक्रिया सामने आई है। 

किसान को बंधाया ढांढस

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज चौहान ने एक वीडियो जारी किया है। इसमें उन्होंने कहा, 'सोशल मीडिया पर महाराष्ट्र के किसान गौरव पंवार जी का मार्मिक वीडियो देखकर हृदय विचलित हो गया। असमय बारिश ने मंडी में रखी उनकी मूंगफली की फसल को बर्बाद कर दिया। किसान होने के नाते मैं इस पीड़ा को भली प्रकार समझ सकता हूं। मैंने गौरव जी से फोन पर बात की, उन्हें ढांढस बंधाया है।'

चिंता न करें, शीघ्र नुकसान की भरपाई की जाएगी

इसके साथ ही शिवराज चौहान ने कहा, 'किसान भाई चिंता न करें। शीघ्र नुकसान की भरपाई की जाएगी। महाराष्ट्र सरकार और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस अत्यंत संवेदनशील हैं। केंद्र सरकार और महाराष्ट्र सरकार किसानों के साथ हर परिस्थिति में खड़ी है। किसान कल्याण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।'