A
  1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. छत्रपति संभाजी नगर में होटल ग्रैंड सरोवर में लगी आग, सामने आया डरावना वीडियो

छत्रपति संभाजी नगर में होटल ग्रैंड सरोवर में लगी आग, सामने आया डरावना वीडियो

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजी नगर में गुरुवार के दिन एक होटल में भीषण आग लग गई। जानकारी के मुताबिक जिस होटल में आग लगी है वह एकनाथ शिंदे गुट के एक विधायक की बताई जा रही है।

Fire breaks out at Hotel Grand Sarovar in Chhatrapati Sambhaji Nagar scary video surfaces- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV छत्रपति संभाजी नगर में होटल ग्रैंड सरोवर में लगी आग

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजी नगर में गुरुवार (10 अप्रैल) को एक होटल में भीषण आग लग गई। आग छह मंजिला इमारत में लगी। फिलहाल, फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर है और आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ग्रैंड सरोवर नाम के होटल में यह आग लगी है। अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है और सभी को समय रहते बाहर निकाल लिया गया था। मिली जानकारी के मुताबिक, जिस होटल में आग लगी है, वह एकनाथ शिंदे की शिवसेना गुट के विधायक प्रदीप जायसवाल की बताई जा रही है। कहा जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी, हालांकि पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम फिलहाल घटना की जांच कर रही है।

क्या बोले अधिकारी?

संभाजीनगर अग्निशमन विभाग के प्रमुख संपत भगत के अनुसार, "आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया है। आग लगने के बाद होटल के अंदर चार लोग फंस गए थे, लेकिन दमकल कर्मियों ने समय रहते उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया। स्थिति अब पूरी तरह से नियंत्रण में है। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग का कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है, लेकिन पूरी जांच के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकेगा।" वहीं एक दूसरे मामले में आज नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआई) के टर्मिनल तीन पर फूड कोर्ट के पास एक एस्केलेटर के रबर वाले हिस्से में बृहस्पतिवार को मामूली आग लग गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। दिल्ली पुलिस ने एक बयान में कहा कि आग पर शीघ्र ही काबू पा लिया गया। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (आईजीआई) उषा रंगनानी ने बताया कि आग लगने का कारण अभी पता नहीं चल पाया है।

उच्च न्यायालय के पास की इमारत में लगी आग

इसके अलावा एक दूसरे मामले में कलकत्ता उच्च न्यायालय के निकट एक इमारत में बृहस्पतिवार को आग लग गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। दमकल विभाग के अधिकारी ने बताया कि बहुमंजिला इमारत में एक खाली पड़ी लिफ्ट के पास जमा कचरे में दोपहर करीब 1 बजकर 55 मिनट पर आग लगी। उन्होंने बताया कि दमकल की चार गाड़ियों ने आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया और आग के कारण पता लगाने के लिए जांच जारी है।

(इनपुट-एजेंसी के साथ)