A
  1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. VIDEO: मुंबई के कमर्शियल हब में मचा हड़कंप, बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर में लगी आग

VIDEO: मुंबई के कमर्शियल हब में मचा हड़कंप, बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर में लगी आग

मुंबई के घाटकोपर इलाके की एक व्यावसायिक इमारत में भीषण आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है।

इमारत के ग्राउंड फ्लोर में लगी आग- India TV Hindi
Image Source : REPORT इमारत के ग्राउंड फ्लोर में लगी आग

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के घाटकोपर इलाके में स्थित गोल्डन क्रश बिजनेस पार्क नाम की एक व्यावसायिक इमारत में सोमवार दोपहर भीषण आग लग गई। आग इमारत की पहली मंजिल में लगी है। आग की गंभीरता को देखते हुए इसे लेवल-2 का हादसा घोषित किया गया है, जिसका मतलब है कि यह मध्यम श्रेणी की आग है और इसे बुझाने के लिए अतिरिक्त दमकल गाड़ियों और संसाधनों की आवश्यकता होगी।

आग लगने की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी। आग बुझाने और स्थिति को काबू करने के लिए कई आपातकालीन एजेंसियां और कर्मचारी मौके पर मौजूद हैं। बीएमसी की फायर ब्रिगेड, पुलिस बल, बीएमसी के वार्ड कर्मचारी, 108 एम्बुलेंस सेवा और अडानी इलेक्ट्रिसिटी की टीमें आग को बुझाने में जुटी हैं। इस हादसे में किसी के भी हताहत या घायल होने की कोई खबर नहीं है।

ठाणे में प्लास्टिक फैक्ट्री में लगी आग 

एक अन्य खबर में, महाराष्ट्र के ठाणे जिले के औद्योगिक इलाके में सोमवार को एक प्लास्टिक का उत्पादन करने वाले कारखाने में आग लग गई। अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि शाहपुर तालुका के आसनगांव स्थित एक कारखाने में सुबह करीब 10 बजे लगी आग में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। आपदा प्रबंधन केंद्र के प्रमुख वसंत चौधरी ने कहा, "कई दमकल केंद्रों की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गईं और अभियान अभी जारी है।" उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर चार दमकल गाड़ियों के साथ पानी के 10 टैंकरों को तैनात किया गया है। 

अधिकारी ने कहा, "बड़ी मात्रा में प्लास्टिक सामग्री मौजूद होने के कारण आग को पूरी तरह से बुझाने में समय लग रहा है, क्योंकि यह धीरे-धीरे जलती है और इससे घना धुआं और दुर्गंध निकलती है।" उन्होंने कहा कि आग लगने का कारण अभी पता नहीं चल पाया है और अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या मशीनरी का अधिक गर्म होना हो सकता है। स्थानीय पुलिस और आपदा प्रबंधन टीमों ने सावधानी बरतते हुए इलाके की घेराबंदी कर दी है और आस-पास के श्रमिकों और निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। (भाषा इनपुट के साथ)

ये भी पढ़ें-

बिहार विधानसभा चुनाव: प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने जारी की दूसरी लिस्ट, 65 उम्मीदवारों को दी गई टिकट

Explainer: चिराग की चमक के आगे फीके पड़े मांझी-कुशवाहा, नीतीश का भी कद घटा! जानिए NDA में सीट शेयरिंग की पॉलिटिक्स