1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. मुंबई की 11 मंजिल इमारत में लगी भीषण आग, 2 महिलाओं की चली गई जान, दो लोग गंभीर रूप से झुलसे

मुंबई की 11 मंजिल इमारत में लगी भीषण आग, 2 महिलाओं की चली गई जान, दो लोग गंभीर रूप से झुलसे

शहर की 11 मंजिल इमारत में आग लगने की जानकारी मिलते ही मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम पहुंच गई।फायर ब्रिगेड की टीम कई घंटों तक आग बुझाने में लगी रही। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : META AI सांकेतिक तस्वीर

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में रविवार सुबह 11 मंजिल इमारत में भीषण आग लग गई। आग लगने से दो महिलाओं की मौत हो गई। दो अन्य लोगों का दम घुटने लगा। इन दोनों की हालत अब स्थिर है। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। 

इमारत के मीटर और तारों में लगी आग

दमकल अधिकारी ने बताया कि दक्षिण मुंबई के मस्जिद बंदर इलाके में स्थित पन्ना अली मेंशन इमारत में सुबह छह बजकर 11 मिनट पर आग लग गई। अधिकारी ने कहा कि आग भवन के भूतल पर मीटर और तारों में लगी। इस दौरान प्रथम तल पर मौजूद दो महिलाओं के हाथ-पैरों में चोटें आईं तथा आग लगने से हुए धुएं के कारण उनका दम घुट गया। 

दो की हालत स्थिर

अधिकारी ने कहा कि गंभीर रूप से जलने के बाद 42 वर्षीय सबीला खातून शेख और 30 वर्षीय साजिया आलम शेख को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इसके साथ ही अधिकारी ने कहा कि करीम शेख (20) और शाहीन शेख (22) को सांस लेने में दिक्कत के कारण सरकारी जेजे अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। 

आग लगने के कारणों का लगाया जा रहा पता 

अधिकारी ने कहा कि सुबह करीब साढ़े छह बजे तक आग पर काबू पा लिया गया। आग लगने के कारणों के बारे में अभी पता नहीं चल पाया है। इमारत पूरी तरह से जल कर राख हो गई है।

भाषा के इनपुट के साथ