1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. दोस्त ने लड़की को कमरे पर बुलाकर बनवाई वीडियो, ब्लैकमेल करके साथियों संग किया गैंगरेप

दोस्त ने लड़की को कमरे पर बुलाकर बनवाई वीडियो, ब्लैकमेल करके साथियों संग किया गैंगरेप

15 वर्षीय नाबालिग लड़की से तीन आरोपियों ने कथित तौर पर बलात्कार किया। एक आरोपी लड़की का दोस्त था, जिसने उसे कमरे पर बुलाया था। वहां 2 अन्य लड़कों ने वीडियो बनाकर लड़की को ब्लैकमेल किया और अपराध को अंजाम दिया।

Nagpur minor girl rape, 15-year-old gangrape Nandanvan, POCSO Act Nagpur- India TV Hindi
Image Source : PTI REPRESENTATIONAL पुलिस ने तीनों आरोपियों को पकड़ लिया है।

नागपुर: महाराष्ट्र के नागपुर में स्थित नंदनवन इलाके से एक शर्मसार कर देने वाली खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, नंदनवन में मंगलवार को 15 साल की एक नाबालिग लड़की से 3 लोगों ने कथित तौर पर बलात्कार किया। घटना के बाद तबीयत बिगड़ने पर लड़की ने अपने परिजनों को आपबीती सुनाई। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने बुधवार को इस मामले में 19 साल के एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 2 नाबालिग लड़कों को हिरासत में ले लिया गया है।

आरोपियों में से एक पीड़िता का दोस्त

घटना के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि आरोपियों में से एक पीड़िता का दोस्त था। उसने लड़की को अपने कमरे पर बुलाया। जब लड़की कमरे पर पहुंची तो वहां आरोपी के 2 अन्य दोस्त भी मौजूद थे। पुलिस ने बताया कि बाकी 2 आरोपियों ने लड़की और उसके दोस्त के अंतरंग पलों का वीडियो बना लिया। पीड़िता द्वारा दर्ज शिकायत के मुताबिक, वीडियो बनाने के बाद उन्होंने लड़की को ब्लैकमेल किया और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया। आरोपियों द्वारा वारदात को अंजाम दिए जाने के बाद लड़की की तबीयत बिगड़ने लगी।

पुलिस ने POCSO एक्ट की धारा भी लगाई

लड़की किसी तरह अपने घर पहुंची और उसने अपने परिवार वालों को पूरी बात बता दी। पीड़िता और उसके परिवार ने नंदनवन पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने इस मामले में पुलिस ने बच्चों से यौन अपराधों से सुरक्षा कानून (POCSO एक्ट) की धाराएं भी लगाई हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया, 'एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।' पुलिस अधिकारी ने कहा कि इस मामले में आगे की जांच की जा रही है और पीड़िता को जरूरी मदद और सुरक्षा मुहैया कराई जा रही है।