A
Hindi News महाराष्ट्र 'मुझे न्याय दिलाओ', अंडरवर्ल्ड डॉन की बेटी हसीन मस्तान ने दुर्व्यवहार मामले में पीएम मोदी और अमित शाह से मांगी मदद

'मुझे न्याय दिलाओ', अंडरवर्ल्ड डॉन की बेटी हसीन मस्तान ने दुर्व्यवहार मामले में पीएम मोदी और अमित शाह से मांगी मदद

पीएम मोदी और अमित शाह से मदद की अपली करते हुए हाजी मस्तान की बेटी हसीन मस्तान ने कहा, 'मैंने तीन बार आत्महत्या का भी प्रयास किया। ऐसा कानून बनाया जाना चाहिए जो तत्काल न्याय प्रदान करे।'

दिवंगत हाजी मस्तान की बेटी हसीन मस्तान- India TV Hindi Image Source : ANI दिवंगत हाजी मस्तान की बेटी हसीन मस्तान

दिवंगत अंडरवर्ल्ड डॉन हाजी मस्तान की बेटी हसीन मस्तान मिर्जा ने दुर्व्यवहार और संपत्ति की चोरी के मामले में पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से न्याय की अपील की है। हसीन मिर्जा ने दावा किया कि उसके मामा के बेटे, जिससे उसकी 1996 में जबरन शादी करवाई गई थी। उसने उसके साथ बलात्कार किया, उसे प्रताड़ित किया और उसकी संपत्ति पर कब्जा करने के लिए उसकी पहचान चुरा ली। उसने यह भी आरोप लगाया है कि उस व्यक्ति ने उससे पहले भी 8 बार शादी की थी। 

तीन बार आत्महत्या का किया प्रयास

हसीन, जो खुद को दिवंगत डॉन हाजी मस्तान की बेटी होने का दावा करती है, उस समय नाबालिग थी। उसका आरोप है कि उस पर शादी के लिए दबाव डाला गया और उसे अत्यधिक आघात पहुंचा। इसके चलते उसने तीन बार आत्महत्या करने का प्रयास किया। 

मेरी संपत्ति छीनी गई- हसीन मस्तान

हसीन मस्तान मिर्जा ने कहा, 'मैंने अमित शाह और मोदी जी से अनुरोध किया है कि बहुत सी घटनाएं हो रही हैं, बलात्कार, हत्या, हर रोज कोई न कोई घटना घट रही है। जैसे मेरे साथ हुआ, बलात्कार, हत्या का प्रयास, बाल विवाह, मेरी संपत्ति छीन ली गई और मेरी पहचान छुपाई गई। इसलिए मैंने कहा था कि अगर कानून सख्त होगा तो लोग अपराध करने से डरेंगे।'  

सालों से नहीं मिला न्याय

हसीन की यह अपील पिछले हफ्ते इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए एक वीडियो के बाद आई है, जिसमें उन्होंने न्याय के लिए अपने निरंतर संघर्ष को उजागर किया है। हसीन मिर्जा ने प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह से फिर से अपील करते हुए कहा है कि उन्हें सालों से न्याय नहीं मिला है। (इनपुट-एएनआई)