महाराष्ट्र के बीड जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां अस्पताल की ओर से लापरवाही किए जाने की वजह से एक महिला जिंदगी और मौत से जूझ रही है। जानकारी के मुताबिक एक महिला की बीड के जिला अस्पताल में सीजेरियन सर्जरी हुई थी। सर्जरी के चार दिन बाद उसे छुट्टी दे दी गई। हालांकि पेट में दर्द की शिकायत के बाद जांच कराई गई तो पेट में कुछ संदिग्ध चीज होने की जानकारी मिली। बाद में पुणे के अस्पताल में सर्जरी कराई गई तो महिला के पेट से दस्ताने और कागज के रुमाल निकाले गए। हालांकि महिला की तबीयत अभी भी खराब है और वह अस्पताल में भर्ती है। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने जांच की बात कही है।
पेट में निकला दस्ताना और कागज के रुमाल
दरअसल, बीड में अस्पताल प्रशासन की कथित लापरवाही का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक मां की खुशी पर अस्पताल की कथित लापरवाही ने ग्रहण लगा दिया। जानकारी के मुताबिक संध्या सूरज गायकवाड़ (19 वर्ष) की 1 अगस्त को बीड के जिला अस्पताल में सीजेरियन सर्जरी हुई थी। चार दिन बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। हालांकि अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद भी संध्या को तेज पेट दर्द की शिकायत होने लगी। निजी अस्पताल में जांच के दौरान उनके पेट में कोई अनजान वस्तु होने की बात सामने आई। इसके बाद पुणे के ससून अस्पताल में संध्या की सर्जरी की गई, जहां परिवार के मुताबिक उनके पेट से दस्ताने और कागज के रुमाल निकाले गए।
अधिकारियों ने कही जांच की बात
फिलहाल परिजनों के मुताबिक संध्या की हालत गंभीर है और वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही हैं। उनके पति सूरज गायकवाड़ का आरोप है कि डॉक्टरों की लापरवाही के कारण उनकी पत्नी की यह हालत हुई है। वहीं, संध्या की मां का कहना है कि उनकी बेटी ने बच्चे को जन्म दिया, लेकिन आज उसमें अपने बच्चे को गोद में लेने तक की ताकत नहीं है। इस बीच, जिला सर्जन ने संबंधित महिला डॉक्टर और कर्मचारियों को नोटिस जारी किए जाने की जानकारी दी है। दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, ऐसी जानकारी स्वास्थ्य विभाग की ओर से दी गई है। (इनपुट- आमिर हुसैन)
यह भी पढ़ें-
JPSC-JSSC फर्जीवाड़े में CID की बड़ी कार्रवाई, मास्टरमाइंड अभय तिवारी की पत्नी-भाई गिरफ्तार