मुंबई: माता काली की मूर्ति को मुंबई के मंदिर में मदर मरियम के जैसे वस्त्र पहनाना पुजारी को भारी पड़ गया है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुजारी को गिरफ्तार कर लिया गया। मुंबई के पुलिस अधिकारी ने इस बारे में जानकारी दी है। आरसीएफ पुलिस थाना के अधिकारी ने कहा कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें चेंबूर के मंदिर में काली माता की प्रतिमा को मदर मैरी के रूप में दिखाया गया था। इस मामले में कार्रवाई की गई है।
माता की मूर्ति देख श्रद्धालु हुए दंग
अधिकारी ने आगे बताया कि रविवार को मंदिर में दर्शन करने गए श्रद्धालु यह देखकर दंग हो गए कि मां काली की मूर्ति को ईसाई धर्म के संस्थापक ईसा मसीह की माता की तरह पोशाक पहनाई गई है। इसके बाद, उन्होंने लोकल पुलिस से संपर्क किया और देवी मां की पोशाक में हुए बदलाव के बारे में बताया।
पुजारी ने पुलिस को बताई सपने वाली वजह
अधिकारी के अनुसार, जब मंदिर के पुजारी रमेश से इसको लेकर श्रद्धालुओं ने पूछताछ की तो उसने दावा किया कि मां काली उसके सपने में आई थीं और उन्होंने ही उसे ‘‘मां मैरी की तरह उनका शृंगार करने’’ का निर्देश दिया था। धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में पुजारी के खिलाफ BNS की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
इस बात का पता लगाने की जुटी पुलिस
पुलिस ने बताया कि पुजारी को गिरफ्तार करने के बाद स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 2 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस घटना के पीछे कोई संगठित मकसद था या इसमें और लोग भी शामिल हैं।
(इनपुट- भाषा)
ये भी पढ़ें-
Explainer: घुसपैठियों के पास सारे दस्तावेज तो पहले भी नहीं थे लेकिन अब पश्चिम बंगाल में SIR शुरू होते ही वे क्यों भागने लगे?
Bihar Politics: पिछले 20 साल से नीतीश कुमार के ही इर्द-गिर्द कैसे घूम रही बिहार की राजनीति? समझें