मुंबई में एक शख्स को पुलिस ने पत्नी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक पत्नी के खाते में ऑनलाइन रुपये आने से पति को पत्नी के चरित्र पर शंका थी। इसको लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसी क्रम में पति ने पत्नी के साथ मारपीट की। अगले दिन वह उसे लेकर अस्पताल पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने पत्नी को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की टीम मामले की जानकारी में जुटी हुई है।
खाते में रुपये आने पर हुआ विवाद
दरअसल, एक शख्स ने चरित्र शक की आशंका में अपनी पत्नी की हत्या कर दी। जानकारी के मुताबिक शख्स को अपनी पत्नी का कई लोगों के साथ रिश्ता होने का शक था। यह भी जानकारी मिली है कि पत्नी के बैंक खाते में ऑनलाइन रोजाना पैसे आते थे। इस शक के कारण पति ने अपनी पत्नी को मार दिया। घटना के बाद नवी मुंबई के कलंबोली में रहने वाले आरोपी मनीष गोप को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी डिलीवरी बॉय का काम किया करता था।
पत्नी के चरित्र को लेकर थी शंका
पुलिस ने बताया कि आरोपी कलंबोली के सेक्टर-4 ई स्थित जेबी कॉम्प्लेक्स में रहता है। पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान पिंकी मनीश गोप उर्फ सोनिया मोहम्मद अबू खातून के रूप में हुई है। वह बांग्लादेशी नागरिक बताई गई है। मनीश की पत्नी कई लोगों से बात करती थी, जिससे वह नाराज रहता था। उसकी पत्नी के बैंक खाते में कई व्यक्तियों के खातों से पैसे आने को लेकर विवाद हुआ था।
पति ने विवाद के बाद की मारपीट
इसी शक के चलते 15 अक्टूबर की रात करीब 2 बजे आरोपी ने पत्नी के चेहरे, गर्दन और छाती पर मुक्कों से वार किया तथा उसे नोंचा। इसके अलावा, उसके पेट पर हाथ-पैरों से भी मारपीट की। इस हमले में पिंकी गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौत हो गई। अगले दिन आरोपी अपनी पत्नी को लेकर अस्पताल पहुंचा, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। अस्पताल की तरफ से पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा किया। मामले में आगे की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें-
1050 फीट गहरे बोरवेल में गिरा 9 साल का बच्चा, 39 घंटे चले रेस्क्यू के बाद अस्पताल में मृत घोषित