1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. IIT बॉम्बे खुदकुशी मामले पर बड़ा अपडेट, क्राइम ब्रांच को सौंपी गई जांच; आरोपी टीचर के खिलाफ भी केस दर्ज

IIT बॉम्बे खुदकुशी मामले पर बड़ा अपडेट, क्राइम ब्रांच को सौंपी गई जांच; आरोपी टीचर के खिलाफ भी केस दर्ज

IIT बॉम्बे के साहिल वकोडे खुदकुशी मामले पर बड़ा अपडेट आया है। इस मामले की जांच अब क्राइम ब्रांच को दे दी गई है। वहीं, आरोपी टीचर के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कर लिया गया है।

IIT Bombay Suicide Case- India TV Hindi
Image Source : REPORTERS INPUT IIT बॉम्बे खुदकुशी मामले की जांच अब क्राइम ब्रांच करेगी।

आईआईटी बॉम्बे आत्महत्या मामले की जांच अब मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है। क्राइम ब्रांच अब साहिल वाकोडे की मौत मामले की जांच करेगी। साहिल के पिता ने उसके टीचर सूर्यनारायण दुल्ला पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका आरोप है कि पिछले 3 महीनों से टीचर साहिल के खिलाफ जातिसूचक टिप्पणियां कर रहे थे और उसे झूठे मामले में फंसाने की धमकी भी दे रहे थे।

आरोपी टीचर दुल्ला के खिलाफ मुकदमा दर्ज

बता दें कि सूर्यनारायण दुल्ला के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा, फैकल्टी टीचर, वरिष्ठ अधिकारियों और आईआईटी के अन्य संबंधित अधिकारियों के खिलाफ भी कानूनी शिकायतें दर्ज कराई गई हैं।

हॉस्टल में पंखे पर लटककर दे दी थी जान

जान लें कि IIT बॉम्बे के एनर्जी साइंस और इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट के सेंकेंड ईयर के एक स्टूडेंट ने 18 सितंबर की शाम करीब 7 बजे संस्थान के कैंपस स्थित H4 हॉस्टल में पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली थी। इससे पहले दिन में परीक्षा के दौरान, स्टूडेंट को परीक्षा हॉल में मोबाइल फोन का प्रयोग करते हुए पाया गया था। उसने जवाब पाने के लिए एग्जाम का पेपर ChatGPT पर अपलोड किया था।

छात्र की मौत के बाद संस्थान की सफाई

तब संस्थान ने कहा था कि इस घटना के बाद स्टूडेंट के विरुद्ध कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की गई। ये भी बताया था कि इंस्ट्रक्टर और डिपार्टमेंट के हेड ने साहिल से इस केस पर बात की, उसे समझाया और विश्वास दिलाया था कि इस घटना का उसके एकेडमिक करियर पर कोई बुरा प्रभाव नहीं पड़ेगा।

संस्थान से उलट था छात्रों का दावा

वहीं, साहिल के साथी स्टूडेंट्स का दावा इसके विपरीत था। साहिल वाकोडे की मौत के बाद आईआईटी बॉम्बे के स्टूडेंट भड़क गए थे और उन्होंने कैंपस में प्रदर्शन शुरू कर दिया था। प्रदर्शन कर रहे स्टूडेंट्स का आरोप था कि संस्थान की तरफ से इस मामले में पूरी सच्चाई नहीं बताई जा रही थी।

दी गई थी 1 साल के सस्पेंशन की धमकी

छात्रों का कहना था कि जिस स्टूडेंट पर परीक्षा में चीटिंग का आरोप था, उसे 1 साल के सस्पेंशन की धमकी मिली थी। स्टूडेंट्स के अनुसार, एक साल का सस्पेंशन होने की स्थिति में साहिल को हॉस्टल खाली करना पड़ता। इसके अलावा, उसे कैंपस से बाहर रहना पड़ता। प्रदर्शनकारी छात्रों ने ये भी दावा किया कि इस कार्रवाई की वजह से उसकी इंजीनियरिंग की पढ़ाई 4 साल में पूरी होने के बजाय 5 साल या उससे ज्यादा समय ले सकती थी। शायद इसी बात से साहिल परेशान था।

ये भी पढ़ें- मुंबई में तेज रफ्तार BMW कार ब्रिज से नीचे गिरी, CCTV में दिखा दर्दनाक हादसा, 3 युवकों की मौत, एक घायल