1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. IIT बॉम्बे के छात्र ने हॉस्टल में किया सुसाइड, मरने से कुछ घंटे पहले ChatGPT से परीक्षा में नकल करते पकड़ा गया था

IIT बॉम्बे के छात्र ने हॉस्टल में किया सुसाइड, मरने से कुछ घंटे पहले ChatGPT से परीक्षा में नकल करते पकड़ा गया था

मुंबई के पवई इलाके में IIT बॉम्बे के एक छात्र की कथित तौर पर आत्महत्या से मौत हो गई। परीक्षा के दौरान मोबाइल फ़ोन का इस्तेमाल करते हुए पकड़े जाने के कुछ ही घंटों बाद यह घटना हुई।

IIT बॉम्बे- India TV Hindi
Image Source : ANI/FILE PHOTO IIT बॉम्बे

मुंबईः IIT बॉम्बे के के एनर्जी साइंस और इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट के दूसरे साल के एक छात्र ने शुक्रवार शाम आत्महत्या कर ली। इससे पहले दिन में परीक्षा के दौरान छात्र को परीक्षा हॉल में मोबाइल फ़ोन का इस्तेमाल करते हुए पाया गया था। उसने जवाब पाने के लिए परीक्षा का प्रश्न पत्र ChatGPT पर अपलोड किया था। संस्थान ने कहा कि इस घटना के बाद छात्र के खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की गई। इंस्ट्रक्टर और डिपार्टमेंट के हेड ने उससे इस मामले पर बात की, उसे समझाया और भरोसा दिलाया कि इस घटना का उसके एकेडमिक करियर पर कोई बुरा असर नहीं पड़ेगा।

हॉस्टल में मृत पाया गया छात्र

इसके बाद छात्र अपने हॉस्टल के कमरे में लौट गया। बाद में शाम को वह अपने कमरे में मृत पाया गया। IIT बॉम्बे एक छात्र की मौत से बहुत दुखी है। संस्थान छात्र के दोस्तों, क्लासमेट्स, फैकल्टी सदस्यों और इस दुखद घटना से प्रभावित अन्य लोगों को सहायता दे रहा है। संबंधित अधिकारी मौत के कारणों की जांच कर रहे हैं।

छात्रों का प्रदर्शन

मौत की खबर फैलने के बाद बड़ी संख्या में छात्र कैंपस में जमा हुए और विरोध प्रदर्शन करने लगे। छात्रों ने प्रशासन से जवाब मांगा और उन परिस्थितियों पर चिंता जताई जिनकी वजह से यह घटना हुई। खबर लिखे जाने तक छात्रों का प्रदर्शन जारी था। इस घटना के बाद संस्थान में तनावपूर्ण माहौल बन गया। छात्रों ने प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए और छात्र की मौत से जुड़ी परिस्थितियों के बारे में जवाब मांगा।  

पुलिस कर रही मामले की जांच

एक बयान में IIT बॉम्बे ने कहा कि वह एक छात्र को खोने से बहुत दुखी है और घटना से प्रभावित उसके दोस्तों, सहपाठियों, फैकल्टी सदस्यों और अन्य लोगों को हर संभव मदद दे रहा है। पुलिस और IIT बॉम्बे के अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं।  यह भी स्पष्ट नहीं है कि परीक्षा से जुड़ी घटना का मौत से कोई संबंध है या नहीं। मामले की जांच चल रही है। घटना के बाद छात्र के परिजनों को मामले की जानकारी दी गई है। बता दें कि इसी साल अगस्त महीने में IIT दिल्ली के एक छात्र ने भी सुसाइड कर लिया था। 

 

ये भी पढ़ेंः ‘आजादी के 80 साल बाद भी बेटे की चाह’, नवजात पोती की हत्या के आरोपी को हाईकोर्ट से नहीं मिली जमानत

डिस्क्लेमर: प्रशिक्षित और मान्यता प्राप्त मानसिक स्वास्थ्य (मेंटल हेल्थ) परामर्शदाताओं से परामर्श और सहायता प्राप्त करने के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14416 या 1800-891-4416 डायल करें।

या

TISS Icall 022-25521111 (सोमवार-शनिवार: सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक)
(यदि आपको सहायता की आवश्यकता है या आप किसी ऐसे व्यक्ति को जानते हैं जिसे सहायता की आवश्यकता है, तो कृपया अपने निकटतम मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से संपर्क करें।)