1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. जलगांव में दिल दहला देने वाली वारदात: दशहरे की रात मामूली सी बात पर चली चॉपर, 40 साल के कर्मचारी की दर्दनाक मौत

जलगांव में दिल दहला देने वाली वारदात: दशहरे की रात मामूली सी बात पर चली चॉपर, 40 साल के कर्मचारी की दर्दनाक मौत

महाराष्ट्र के जलगांव में दशहरे की रात को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां मामूली सी बात पर हुए विवाद में एक व्यक्ति की चॉपर से हमला कर बड़ी बेरहमी से हत्या कर दी गई।

 jalgaon dussehra- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT जलगांव में गरबा पंडाल में हेडलाइट विवाद पर 40 वर्षीय कर्मचारी की चॉपर से हत्या

महाराष्ट्र के जलगांव शहर के मौली नगर इलाके में दशहरे की रात एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। दुर्गा मंडल द्वारा आयोजित गरबा-डांडिया कार्यक्रम के दौरान मामूली सी बात पर हुए विवाद में एक 40 वर्षीय कर्मचारी की चॉपर घोंपकर निर्मम हत्या कर दी गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति इस हमले में गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है विवाद डांडिया खेल रही महिलाओं पर टू-व्हीलर की हेडलाइट पड़ने के कारण शुरू हुआ था। 

क्या है पूरा मामला?

शुरुआती जानकारी के अनुसार, मौली नगर में देर रात हाईवे के किनारे दुर्गा मंडल की ओर से गरबा और डांडिया का आयोजन चल रहा था। इसी दौरान टू-व्हीलर पर सवार होकर तीन युवक वहां पहुंचे। उन्होंने अपनी गाड़ी की हेडलाइट सीधे डांडिया खेल रही महिलाओं पर डाल दी। जब वहां मौजूद लोगों ने युवकों की इस हरकत का विरोध किया और उनसे इस बारे में पूछा तो उनके बीच तीखी बहस शुरू हो गई। 

शख्स पर चॉपर से हमला

विवाद बढ़ता देख वहां मौजूद किरण पाटिल और किशोर छगन पाटिल ने मामले को शांत कराने और बीच-बचाव करने की कोशिश की। लेकिन इस दौरान एक संदिग्ध युवक ने अपने पास से तेज धारदार चॉपर निकाला और किरण पाटिल के सीने में घोंप दिया। हमला इतना जोरदार था कि 40 वर्षीय किरण पाटिल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उन्हें बचाने आए किशोर छगन पाटिल भी इस हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल किशोर पाटिल को तुरंत इलाज के लिए जीएमसी (GMC) अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

संदिग्ध फरार, पुलिस की 3 टीमें गठित

शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस जानलेवा हमले में मयूर जाधव, रोहित पाटिल और उनके साथ आया एक अन्य युवक शामिल था। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों संदिग्ध मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही जलगांव एमआईडीसी (MIDC) पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और फरार संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए 3 टीमें गठित की गईं, जो संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। फिलहाल इस भयावह घटना से पूरे मौली नगर में खौफ और तनाव का माहौल है।

(जलगांव से नरेंद्र कदम की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें:

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला बिल्डिंग में लगी आग, 9 लोग घायल, कई लोगों को सांस लेने में तकलीफ