महाराष्ट्र के जालना में एक कार कुएं में गिर गई। इससे कार में सवार पांचों लोगों की मौत हो गई। यह भीषण हादसा राजूर–टेंभुर्णी रोड के देळेगव्हाण–गाडेगव्हाण शिवार इलाके में हुआ। हादसे में जान गंवाने वाले पांच लोगों में तीन पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। कार में सवार सभी लोगों के शव बाहर निकाल लिए गए हैं। बताया जा रहा है कि जाफराबाद तहसील के देळेगव्हाण–गाडेगव्हाण इलाके में मॉर्निंग वॉक करने वालों को बचाने के दौरान चालक का वाहन पर से नियंत्रण छूट गया और कार सीधे कुएं में जा गिरी।
हादसे का शिकार हुए लोग गेवराई तहसील के गुंगी गांव के पास स्थित डकले इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं। इनमें से एक मरीज को इलाज के लिए सुलतानपुर ले जाया जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया। मरीज आधे शरीर से लकवाग्रस्त था। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और राहत कार्य शुरू किया।
राजुरा में ट्रक और ऑटोरिक्शा की टक्कर में छह की मौत
महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले की राजुरा तहसील में गुरुवार को एक ट्रक और ऑटोरिक्शा की टक्कर में तीन महिलाओं समेत छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि यह घटना राजुरा-गढ़चंदूर रोड पर कपनगांव के पास शाम करीब 4 बजे हुई, जिसमें दो लोग घायल भी हुए। सात यात्रियों को लेकर ऑटोरिक्शा राजुरा से पचगांव जा रहा था, जब ऑटोरिक्शा कपनगांव के पास पहुंचा, तो सामने से आ रहा एक ट्रक उससे टकरा गया। राजुरा पुलिस थाने के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि पूरा ऑटोरिक्शा आगे से चकनाचूर हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी पीड़ितों को अस्पताल पहुंचाया। उनमें से तीन की पहले ही मौत हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि ट्रक को जब्त कर लिया गया है, लेकिन उसका चालक फरार है। उसके खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।
(जालना से विजय साळी की रिपोर्ट)