1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. पैसे की तंगी ने कराई भाई से भाई की फिरौती की मांग, खुद का अपहरण का VIDEO भेजकर मांगे 5 लाख

पैसे की तंगी ने कराई भाई से भाई की फिरौती की मांग, खुद का अपहरण का VIDEO भेजकर मांगे 5 लाख

पैसों की तंगी से जुझ रहे एक युवक ने अपने ही अपहरण की झूठी साजिश रची। उसने परिवार से फिरौती की रकम ऐंठने के लिए खुद के अपहरण का वीडियो बनाकर बड़े भाई को भेज दिया।

युवक ने रचा खुद के अपहरण का नाटक- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT युवक ने रचा खुद के अपहरण का नाटक

पैसों की तंगी और काम न मिलने से परेशान होकर एक युवक ने खुद ही अपने अपहरण की झूठी साजिश रच डाली। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले का रहने वाला 19 वर्षीय ओम प्रकाश गौरीशंकर पुणे में रहता था। उसने परिजनों से पांच लाख रुपये की फिरौती ऐंठने के लिए अपना खुद का रोता हुआ वीडियो बनाकर भेजा था, जिसे देखकर परिवार के होश उड़ गए। हालांकि, सतर्क परिवार की सूझबूझ और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से इस फर्जी अपहरण का जल्द ही पर्दाफाश हो गया और युवक पुणे के एक लॉज से सकुशल बरामद कर लिया गया।

आरोपी ओम प्रकाश गौरीशंकर मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के बबेरू तालुका अंतर्गत जललपुर गांव का रहने वाला है। वह कुछ समय से पुणे में रह रहा था, लेकिन काम न मिलने के कारण वह गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहा था। घर से बार-बार पैसे मांगने के बाद भी जब जरूरतें पूरी नहीं हुईं, तो उसने खुद के अपहरण का नाटक करने की योजना बनाई।

परिवार को भेजा रोते हुए वीडियो

परिजनों को अपनी बात पर विश्वास दिलाने के लिए उसने खुद का एक रोते हुए वीडियो बनाया और उत्तर प्रदेश में रह रहे अपने बड़े भाई को भेज दिया। वीडियो में उसने अपनी रिहाई के एवज में पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी। बेटे के अपहरण की खौफनाक खबर सुनकर परिवार घबरा गया, लेकिन उन्होंने घबराहट में फिरौती की रकम देने के बजाय तुरंत उत्तर प्रदेश पुलिस से संपर्क कर मामले की शिकायत की।

शाहजहांपुर पुलिस ने तुरंत मामले की गंभीरता को समझते हुए पुणे पुलिस से संपर्क किया और युवक का मोबाइल नंबर साझा किया। पुणे पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसकी तलाश शुरू की। 17 अगस्त की रात पुलिस ने शहर के कई इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया। खड़की इलाके में मोबाइल की आखिरी लोकेशन मिलने के बाद बंडगार्डन पुलिस ने क्राउन प्लाजा लॉजिंग पर छापा मारा। पुलिस को वहां कोई अपहरणकर्ता तो नहीं मिला, बल्कि खुद ओम प्रकाश आराम से बैठा हुआ पाया गया।

पूछताछ में हुआ खुलासा

पुलिस हिरासत में कड़ाई से पूछताछ करने पर ओम प्रकाश ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने स्वीकार किया कि उसने आर्थिक तंगी से उबरने और आसानी से पैसे हासिल करने के लिए यह झूठा नाटक रचा था। फिलहाल, पुणे पुलिस ने उसे अपनी हिरासत में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़ें-

BJP की नई राष्ट्रीय टीम से अमित मालवीय समेत 22 पुराने सदस्य गायब, देखें लिस्ट

"मेहंदी देखना चाहता हूं" कहकर छात्रा का हाथ पकड़ा, फिर पार की हदें; छेड़छाड़ के आरोप में मकान मालिक गिरफ्तार