A
  1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र: लिफ्ट के दरवाजे में फंसा 7 महीने के मासूम का हाथ, CCTV में कैद हुई डराने वाली घटना

महाराष्ट्र: लिफ्ट के दरवाजे में फंसा 7 महीने के मासूम का हाथ, CCTV में कैद हुई डराने वाली घटना

महाराष्ट्र के पुणे से सटे पिंपरी चिंचवड में एक भयावह सीसीटीवी सामने आया। इसमें देखा जा सकता है कि एक बच्चे का हाथ लिफ्ट के दरवाजे में फंस जाता है।

Maharashtra- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT बच्चे का हाथ लिफ्ट के दरवाजे में फंसा

पुणे: महाराष्ट्र के पुणे से सटे पिंपरी चिंचवड इलाके से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक हाउसिंग सोसाइटी की लिफ्ट में एक 7 महीने की बच्ची का हाथ दरवाजे के बीच में फंस गया। इस पूरी घटना का CCTV फुटेज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बच्ची का हाथ सुरक्षित बाहर निकाला गया

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब कुछ लोग लिफ्ट में सवार थे। जैसे ही लिफ्ट का दरवाजा बंद होने लगा, बच्ची का हाथ अनजाने में दरवाजे की दरार में फंस गया। बच्ची के हाथ फंसते ही वहां मौजूद लोग घबरा गए और तुरंत उसे निकालने की कोशिश करने लगे। कुछ मिनटों की मशक्कत के बाद बच्ची का हाथ सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

सीसीटीवी में देखा जा सकता है कि एक लिफ्ट में कुछ लोग सवार है। इसमें एक महिला 7 महीने के बच्चे को गोद में लिए हुए हैं। अचानक जब लिफ्ट का दरवाजा खुलता है तो उसमें बच्चे का हाथ फंस जाता है। इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच जाती है और लोग बच्चे का हाथ लिफ्ट के दरवाजे से बाहर निकालने के लिए तमाम तरह की कोशिशें करने लगते हैं लेकिन बच्चे का हाथ लिफ्ट के दरवाजे से बाहर नहीं आता। 

इसके बाद मौके पर और लोग भी आ जाते हैं और बच्चे के हाथ को बाहर निकालने की कोशिश करने लगते हैं। इस दौरान मौके पर मौजूद महिलाएं परेशान भी होने लगती हैं। हालांकि बाद में बच्चे का हाथ बाहर निकल आता है और लिफ्ट में मौजूद लोग राहत की सांस लेते हैं। 

ये सीसीटीवी इस बात का सबूत है कि जरा सी लापरवाही किसी की जान के लिए कितना बड़ा खतरा पैदा कर सकती है। ऐसे में अगर आप भी अपने बच्चों के साथ लिफ्ट में जाते हैं तो सतर्क रहें। (इनपुट: समीर शेख)