1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. कुत्ते से बचने की कोशिश में उबलते दूध से झुलसी 3 साल की मासूम, इलाज के दौरान हुई मौत

कुत्ते से बचने की कोशिश में उबलते दूध से झुलसी 3 साल की मासूम, इलाज के दौरान हुई मौत

बीड में कुत्ते से बचने के प्रयास में 3 साल की एक बच्ची उबलते दूध से बुरी तरह झुलस गई और बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

कुत्ते के हमले की वजह...- India TV Hindi
Image Source : PEXELS (प्रतीकात्मक फोटो) कुत्ते के हमले की वजह से घायल बच्ची की मौत।

महाराष्ट्र के बीड जिले में भौंकते कुत्ते से बचने के प्रयास में उबलते दूध का बर्तन गिरने से गंभीर तौर पर झुलसी 3 साल की बच्ची की मौत हो गई। एक लोकल पुलिसकर्मी ने बताया कि यह घटना बीते गुरुवार को नांदुर हवेली में हुई, जब दुर्गा प्रदीप बुधनर अपने घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान, एक आवारा कुत्ता आक्रामक तरीके से भौंकते हुए उसकी तरफ दौड़ा था। इसके बाद, बच्ची घबराकर उससे बचने के लिए तेजी से अपने घर की तरफ भागी थी।

बच्ची के पूरे शरीर पर गिर गया था उबलता दूध

पुलिस अफसर ने बताया कि जल्दबाजी में बच्ची आंगन की तरफ भागी और वहां मिट्टी के चूल्हे पर रखे उबलते दूध के एक बड़े बर्तन से टकरा गई। ऐसा होते ही वह गिर पड़ी। अधिकारी के मुताबिक, उबलता दूध बच्ची की पूरी बॉडी पर गिर गया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गई। इसके बाद उसके माता-पिता उसे एक प्राइवेट हॉस्पिटल ले गए।

इलाज के दौरान हो गई बच्ची की मौत

गौरतलब है कि बच्ची की हालत बिगड़ने पर उसे बीड जिला सिविल अस्पताल में एडमिट कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अफसर ने बताया कि इस घटना से कुछ ही दिन पहले परिवार ने दशहरा के दिन बच्ची का तीसरा जन्मदिन मनाया था।

हाईराइज सोसायटी में दिखा था पालतू कुत्ते का आतंक

इससे पहले, इसी साल जुलाई में मुंबई की एक हाईराइज सोसायटी में पालतू कुत्ते का आतंक दिखा था। उसने बच्चियों पर हमला किया था। इसका CCTV फुटेज वायरल हुआ था। वीडियो में दिखा था कि महिला अपने पालतू कुत्ते को काबू करने का हर संभव प्रयास करती है, लेकिन विदेशी नस्ल का कुत्ता आसानी से उसको घसीट लेता है। इसके बावजूद महिला जूझती रही और फिर बच्चियां किसी तरह बच जाती हैं।

नासिक में कुत्तों के आतंक का अनोखा विरोध

उधर, नासिक में कुत्तों के आतंक के खिलाफ अनोखा विरोध देखने को मिला था। यहां एक नेता ने नगर पंचायत अधिकारी के दफ्तर में कुत्ते ले जाकर छोड़ दिए थे। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। नेता एक बोरे में कई आवारा कुत्ते भरकर ले गया था और उन्हें अधिकारी के ऑफिस की टेबल पर छोड़ दिया था।

(इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें- कुत्तों के खौफ से पेड़ पर चढ़ी मादा तेंदुआ, तमाशबीन बन देखते रह गए लोग; सामने आया VIDEO