A
Hindi News महाराष्ट्र युवक के सिर में घुसकर आर-पार हो गया 5 फीट लंबा सरिया, रिक्शे से घर जाते समय हादसा, मचा हड़कंप

युवक के सिर में घुसकर आर-पार हो गया 5 फीट लंबा सरिया, रिक्शे से घर जाते समय हादसा, मचा हड़कंप

महाराष्ट्र के भिवंडी में 5 फीट लंबा सरिया युवक के सिर में घुसकर आर-पार हो गया। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। युवक को हॉस्पिटल में एडमिट करवाया गया है।

Bhiwandi- India TV Hindi Image Source : REPORTER INPUT युवक के सिर में घुसकर आर-पार हो गया 5 फीट लंबा सरिया

भिवंडी: महाराष्ट्र के भिवंडी से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। भिवंडी में मेट्रो प्रोजेक्ट साइट के पास सोमवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। नारपोली पुलिस स्टेशन के पास बन रहे मेट्रो स्टेशन के ब्रिज पर काम के दौरान एक 5 से 6 फीट लंबा लोहे का सरिया अचानक ऊपर से गिर गया। सरिया एक चलती रिक्शा पर गिरा और उसमें बैठे युवक के सिर में जा घुसा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

क्या है पूरा मामला?

घायल युवक की पहचान सोनू शेख के रूप में हुई है, जो भंडारी कंपाउंड, विठ्ठल नगर का निवासी है और मज़दूरी करता है। जानकारी के अनुसार, हादसे के समय वह बगे फिरदौस इलाके से खाना खाकर अपने घर लौट रहा था।

जैसे ही रिक्शा मेट्रो ब्रिज के नीचे से गुजरा, भारी लोहे का सरिया अचानक ऊपर से गिरा और सीधे युवक के सिर में जा घुसा। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज शुरू करने से पहले डॉक्टरों को कटिंग मशीन से रॉड को काटना पड़ा, उसके बाद युवक को सीटी स्कैन के लिए भेजा गया। डॉक्टरों के अनुसार, उसकी हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।

मेट्रो प्रोजेक्ट के काम में लापरवाही

घटनास्थल पर मौजूद एक चश्मदीद ने बताया कि मेट्रो प्रोजेक्ट के काम में लगातार लापरवाही बरती जा रही है। उसने बताया कि इससे पहले भी साइट से लोहे की रॉड गिरने की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस हादसे को एजेंसी की घोर लापरवाही का नतीजा बताया है और जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। हादसे के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि अगर ये लापरवाही नहीं होती तो एक युवक को इतने बुरे हालात का सामना नहीं करना पड़ता।  (इनपुट: सय्यद नकी हसन)