A
  1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. TET पेपर लीक मामले में CM फडणवीस का एक्शन, जांच के लिए गठित की SIT

TET पेपर लीक मामले में CM फडणवीस का एक्शन, जांच के लिए गठित की SIT

महाराष्ट्र में 28 जून को आयोजित होने वाली TET परीक्षा के पेपर के लीक होने के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने SIT गठन करने का आदेश जारी किया है। ठाणे के संयुक्त पुलिस आयुक्त पंजाबराव उगले की अध्यक्षता में टीम जांच करेगी।

महाराष्ट्र के TET पेपर...- India TV Hindi
Image Source : ANI महाराष्ट्र के TET पेपर लीक मामले की जांच के लिए SIT का गठन हो गया है।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने TET पेपर लीक मामले की जांच के लिए ठाणे के संयुक्त पुलिस आयुक्त पंजाबराव उगले की अध्यक्षता में SIT गठित करने के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्कूल शिक्षा मंत्री दादा भुसे और डीजीपी सदानंद दाते से बात कर मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

पेपर लीक मामले में हिरासत में लिए गए 3 लोग

बता दें कि महाराष्ट्र में TET Exam 2026 के पेपर लीक मामले में पुलिस ने तीन लोगों को अब तक हिरासत में ले लिया है। केस की गंभीरता के मद्देनजर SIT का गठन भी हो गया है। वहीं, महाराष्ट्र सरकार की तरफ से इस पूरे मामले की गहराई से जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। इस पेपर लीक की घटना के बाद 28 जून को आयोजित होने वाली TET परीक्षा को रद्द कर दिया गया है।

पकड़े गए पेपर बेचने आए 3 संदिग्ध

ठाणे के एडिशनल पुलिस कमिश्नर अशोक दुधे ने बताया कि पुलिस को खबर मिली थी कि कुछ लोग रविवार को होने वाले TET एग्जाम का पेपर बेचने के लिए भिवंडी आने वाले हैं। खबर मिलने पर पुलिस टीम ने कोंगांव क्षेत्र में जाल बिछाया और 3 संदिग्धों को पकड़ लिया।

आरोपियों के पास से बरामद हुए 4 प्रश्नपत्र

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से तलाशी के दौरान डेबिट और क्रेडिट कार्ड, मोबाइल फोन, कैश और TET एग्जाम के चार प्रश्नपत्र बरामद किए गए हैं। फिर, एजुकेशन डिपार्टमेंट के सीनियर अफसरों ने इन प्रश्नपत्रों की जांच की और पुष्टि की कि ये 28 जून को होने वाली परीक्षा के वास्तविक प्रश्नपत्र थे।

पेपर लीक में शामिल लोगों पर होगा कड़ा एक्शन

फिर, तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया और उनके खिलाफ केस दर्ज हुआ। पुलिस अब यह मालूम करने में जुटी है कि TET पेपर लीक नेटवर्क कितना बड़ा है और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं। एडिशनल पुलिस कमिश्नर अशोक दुधे बोले कि जांच में जिस किसी के भी शामिल होने का पता चलेगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

MSCE ने स्थगित किया TET एग्जाम

इस बीच, महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद यानी MSCE ने भिवंडी पुलिस की पड़ताल में सामने आए फैक्ट्स के आधार पर 28 जून को महाराष्ट्र के 1 हजार 28 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाले TET एग्जाम को फिलहाल स्थगित कर दिया है।

ये भी पढ़ें- महाराष्ट्र के ठाणे में परीक्षा से पहले ही TET का पेपर लीक, कैंसिल हुआ एग्जाम, कांग्रेस ने पूछा सवाल