1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र: मुंबई के नरीमन प्वाइंट स्थित 5 स्टार होटल में मिला महिला का शव, मच गया हड़कंप

महाराष्ट्र: मुंबई के नरीमन प्वाइंट स्थित 5 स्टार होटल में मिला महिला का शव, मच गया हड़कंप

महाराष्ट्र के मुंबई स्थित नरीमन प्वाइंट में एक 5 स्टार होटल में महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। पुलिस ने महिला की पहचान कर ली है।

Mumbai Police - India TV Hindi
Image Source : PTI/FILE मुंबई पुलिस

मुंबई: महाराष्ट्र के मुंबई स्थित नरीमन प्वाइंट से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां एक 5 स्टार होटल में एक महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारी ने सोमवार को ये जानकारी दी। मरीन ड्राइव पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि महिला का शव रविवार दोपहर मिला।

क्या है पूरा मामला?

नरीमन प्वाइंट स्थित एक 5 स्टार होटल में 60 साल की एक महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया। महिला की पहचान विनौती मेहतान(60) के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि महिला के शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं था और ना ही कोई संदिग्ध चीज बरामद हुई है। मौत का कारण जानने के लिए विसरा का नमूना फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

पुलिस का कहना है कि वह पिछले दो सप्ताह से होटल में रह रही थी। उसने 24 घंटे तक अपने कमरे का दरवाजा नहीं खोला था। यह घटना तब सामने आई, जब उसने दरवाजे पर दस्तक देने और फोन पर कॉल करने पर भी कोई जवाब नहीं दिया।

पुलिस के मुताबिक, दुर्घटनावश मौत की रिपोर्ट (एडीआर) दर्ज कर ली गई है और आगे की जांच जारी है।

परेशान थी महिला?

शुरुआती जानकारी में ये सामने आ रहा है कि महिला मानसिक दवाब में चल रही थी। आशंका जताई जा रही है कि कहीं इसी वजह से तो उसकी मौत नहीं हुई है। हालांकि पुख्ता बात पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही पता लग सकेगी। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा चुका है।

हालांकि पुलिस को कुछ भी संदिग्ध नहीं मिलना और अचानक महिला की मौत हो जाना इसी तरफ इशारा कर रही है कि ये मौत किसी प्रेशर की वजह से हुई है। फिलहाल यह नहीं पता चल सका है कि महिला होटल क्यों आई थी। (इनपुट: भाषा)