1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. जालना में फ्लाईओवर की दीवार तोड़कर नीचे गिरा तेज रफ्तार बेकाबू कंटेनर ट्रक, 2 लोगों की मौत

जालना में फ्लाईओवर की दीवार तोड़कर नीचे गिरा तेज रफ्तार बेकाबू कंटेनर ट्रक, 2 लोगों की मौत

जालना में एक भयानक दुर्घटना हो गई है। दरअसल, यहां एक बेकाबू तेज रफ्तार ट्रक फ्लाईओवर से नीचे गिर गया है। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है।

Jalna Accident- India TV Hindi
Image Source : PEXELS (प्रतीकात्मक फोटो) जालना में एक ट्रक फ्लाईओवर से नीचे गिर गया है।

महाराष्ट्र के जालना सिटी में एक तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक फ्लाईओवर से नीचे गिर गया है। इस घटना में 2 लोगों की मौत हो गई है। पुलिस के मुताबिक, यह दुर्घटना शनिवार रात जालना के भाग्यनगर इलाके में हुआ। कंटेनर ट्रक गैस गीजर, लॉजिस्टिक्स मैटेरियल और कबाड़ सहित कई प्रकार के सामान लेकर बेंगलुरु से इंदौर की तरफ जा रहा था।

फ्लाईओवर के किनारे सुरक्षा दीवार को तोड़ते हुए नीचे गिरा ट्रक

एक पुलिस अफसर ने बताया कि बाईपास का रास्ता पीछे छूट जाने की वजह से ड्राइवर गलती से फ्लाईओवर के माध्यम से शहर के अंदर दाखिल हो गया। फ्लाईओवर पर गाड़ी से ड्राइवर का कंट्रोल छूट गया, जिससे ट्रक फ्लाईओवर के किनारे सुरक्षा दीवार को तोड़ते हुए एक ढाबे के पास गिर गया। इस दुर्घटना में ढाबे के मेन एंट्री गेट को भी नुकसान पहुंचा है।

एमपी के छतरपुर के रहने वाले थे ड्राइवर और उसका साथी

जालना पुलिस ने बताया कि ट्रक ड्राइवर और उसका सहायक गंभीर तौर पर जख्मी हो गए थे। दोनों की पहचान एमपी के छतरपुर जिले के रहने वाले 35 साल के जितेंद्र यादव और 40 साल के राम पंकज यादव के रूप में हुई है। उन्हें तुरंत हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा शव

सब-डिवीजनल पुलिस अफसर अनंत कुलकर्णी ने बताया कि हादसे के सटीक वजहों का पता लगाने की जा रही है। पुलिस अफसर ने बताया कि दोनों के शवों के पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम हो जाने के बाद परिजनों को उनके शव सौंप दिए जाएंगे। मृतकों के परिजनों को सूचना दी जा रही है।

अहिल्यानगर में ट्रक ने स्कूटी को मारी थी जोरदार टक्कर

इससे पहले हाल में अहिल्यानगर में ट्रक ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी थी और इस घटना में फिल्मी स्टाइल में युवती की जान बच गई थी। युवती बंपर पकड़कर लटक गई थी। यदि युवती बंपर नहीं पकड़ती तो दूर छिटकने से उसको गंभीर चोटें लग सकती थीं। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।

(इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें- महाराष्ट्र में समृद्धि हाईवे पर भीषण हादसा, ट्रक और पिकअप वैन की टक्कर में 7 की मौत, 21 लोग घायल