A
  1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. Maharashtra Local Body Polls LIVE: आज पहली बार सेना भवन आएंगे अमित ठाकरे, उद्धव से मिले राज ठाकरे

Maharashtra Local Body Polls LIVE: आज पहली बार सेना भवन आएंगे अमित ठाकरे, उद्धव से मिले राज ठाकरे

Maharashtra Local Body Polls LIVE: महाराष्ट्र में महानगरपालिका चुनावों को लेकर नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद राजनीतिक हलचल काफी तेज हो चुकी है। सभी दल अपनी सियासी जमीन को मजबूत करने में जुटे हैं। यहां जानें निकाय चुनाव से जुड़ी हर अपडेट...

निकाय चुनाव को लेकर महाराष्ट्र में हलचल तेज।- India TV Hindi
Image Source : PTI निकाय चुनाव को लेकर महाराष्ट्र में हलचल तेज।

महाराष्ट्र में 29 महानगरपालिकाओं के लिए 15 जनवरी को चुनाव होने हैं। इस चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। चुनाव अधिकारियों द्वारा जारी Received Nominations Final Report के अनुसार राज्य की 29 महानगरपालिकाओं के लिए कुल 33,606 नामांकन दाखिल किए गए हैं। इसमें कुल 893 प्रभाग (वॉर्ड) और 2,869 नगरसेवक पदों के लिए उम्मीदवार मैदान में हैं। सबसे ज्यादा नामांकन पुणे महानगरपालिका में दर्ज किए गए हैं, जहां 165 सीटों के लिए 3,179 नामांकन दाखिल हुए हैं। वहीं मुंबई महानगरपालिका में 227 सीटों के लिए 2,516 नामांकन प्राप्त हुए हैं।

 

Live updates : Maharashtra Local Body Polls LIVE

  • 3:00 PM (IST) Posted by Amar Deep

    VBA को 16 सीटों पर नहीं मिले उम्मीदवार

    मुंबई में आगामी चुनावों को लेकर कांग्रेस गठबंधन के भीतर शामिल वंचित बहुजन आघाड़ी (VBA) को बड़ा झटका लगा है। प्रकाश आंबेडकर के नेतृत्व वाली VBA मुंबई में उसे दी गई सीटों में से 16 सीटों पर अपने उम्मीदवार तय करने में असफल रही है। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस के साथ हुए सीट बंटवारे के तहत VBA को मुंबई में कुल 62 सीटें दी गई थीं, हालांकि, उपयुक्त उम्मीदवारों की कमी और कुछ संभावित प्रत्याशियों के दस्तावेज पूरे न होने के कारण VBA इन सीटों पर नामांकन नहीं कर सकी।

  • 2:16 PM (IST) Posted by Amar Deep

    भाजपा उम्मीदवार को समर्थकों ने किया कैद

    नागपुर में उम्मीदवार को उसके समर्थकों ने घर के अंदर बंद कर लिया, ताकि वो उम्मीदवारी से नामांकन वापस ना ले सके। भारतीय जनता पार्टी ने 1 वार्ड से 2 लोगों को AB फार्म दे दिया था। पार्टी ने आज ही इस उम्मीदवार की उम्मीदवारी रद्द की है। उम्मीदवार को मनाने के लिए पार्टी ने विधायक परिणय फुके को भी भेजा है। वहीं मुख्यमंत्री से बात करवाने का अश्वासन देने के बाद समर्थकों ने उम्मीदवार को घर से बाहर निकलने दिया।

  • 1:19 PM (IST) Posted by Amar Deep

    किसी अपराधी को नहीं मिलना चाहिए टिकट: शायना एनसी

    शिवसेना नेता शायना एनसी ने अपराधी को टिकट देने पर कहा, "कोई भी चुनाव हो अपराधी को टिकट नहीं देना चाहिए। हम चाहते हैं कि राजनीति में ऐसे लोग आए जो सही मायने में समाज सेवा और प्रधान सेवक या प्रधान सेविका के रूप में काम करना चाहे। राजनीति में आपराधिक मामले होते हैं लेकिन ये डिफ्लेक्ट करना नहीं चाहिए।"

  • 12:20 PM (IST) Posted by Amar Deep

    संजय राउत ने फिर दोहराया 'जय श्री राम' बयान

    संजय राउत ने आज फिर कहा- 'महाराष्ट्र में जय महाराष्ट्र जय शिवाजी का ही नारा चलेगा। जय श्री राम हमारे हृदय में।' 

  • 11:42 AM (IST) Posted by Amar Deep

    ठाणे में शिवसेना नेता राजेंद्र साप्ते ने टिकट न मिलने पर किया विरोध मार्च

    ठाणे के पूर्व उपमहापौर एवं शिवसेना नेता राजेंद्र साप्ते ने टिकट न मिलने पर शहर में विरोध मार्च निकाला। साप्ते वार्ड संख्या 25 (कलवा) से चुनाव लड़ना चाहते थे, लेकिन सीट बंटवारे के समझौते के तहत यह सीट भाजपा के पास चले जाने के कारण उन्हें मौका नहीं मिला। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि उसने अंतिम समय में कलवा सीट हासिल करने के लिए ‘‘ब्लैकमेलिंग’’ का हथकंडा अपनाया। साप्ते कलवा से लगातार चार बार निर्वाचित हो चुके हैं। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने ठाणे महानगर पालिका चुनाव के लिए भाजपा के साथ गठबंधन किया है।

  • 10:55 AM (IST) Posted by Amar Deep

    बीजेपी-शिंदे ने संजय राउत पर साधा निशाना

    बीएमसी चुनाव में राम के नाम पर सियासत तेज हो गई है। संजय राउत ने 30 दिसंबर को बयान दिया था कि मुंबई में जय श्री राम का नहीं जय महाराष्ट्र जय शिवाजी का नारा चलेगा। अब बीजेपी और शिंदे गुट ने इस बयान को लपक लिया है और यूबीटी शिवसेना पर हमला बोला है।  

     

  • 10:25 AM (IST) Posted by Amar Deep

    पार्टी के बागियों संग बैठक कर रहे अजित पवार

    नगर निगम चुनाव में नामांकन वापसी का आज आखिरी दिन है। अजित पवार पुणे स्थित अपने निवास स्थान पर पार्टी के पदाधिकारियों के साथ पार्टी के बागियों को समझाने को लेकर बैठक कर रहे हैं।

  • 8:32 AM (IST) Posted by Amar Deep

    BMC चुनाव में 10231 मतदान केंद्र

    बीएमसी ने 15 जनवरी को होने वाले नगर निकाय चुनाव के लिए यहां 10,231 मतदान केंद्रों को अंतिम रूप दिया है। एक विज्ञप्ति में बीएमसी ने कहा कि इनमें से 4,386 मतदान केंद्र सरकारी और अर्ध-सरकारी भवनों में, 702 सहकारी आवास समितियों में और 5,143 निजी भवनों में स्थित होंगे। बीएमसी प्रमुख और जिला चुनाव अधिकारी भूषण गगरानी के हवाले से विज्ञप्ति में कहा गया है कि 1.03 करोड़ से अधिक मतदाताओं के लिए सुचारू, पारदर्शी और सुलभ मतदान सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत तैयारी की गई है। गगरानी ने कहा, ‘‘सभी 227 वार्डों के लिए मतदान केंद्रों की अंतिम वार्ड-वार सूची राज्य निर्वाचन आयोग के दिशानिर्देशों के अनुसार प्रकाशित की गई है। मतदाताओं को मतदान के दिन असुविधा से बचने के लिए अपने निर्दिष्ट मतदान केंद्रों को पहले से सत्यापित करना होगा।’’ 

     

  • 8:06 AM (IST) Posted by Amar Deep

    मोहोल ने एनसीपी पर आपराधिक संबंधों वाले व्यक्तियों को टिकट देने को लेकर उठाया सवाल

    केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा नेता मुरलीधर मोहोल ने महायुति में शामिल एनसीपी द्वारा आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों को टिकट देने की आलोचना की। अजित पवार के नेतृत्व वाली राकांपा ने एक गिरोह के सरगना सूर्यकांत उर्फ ​बंदू आंडेकर की बहू सोनाली आंडेकर और एक अन्य रिश्तेदार लक्ष्मी आंडेकर को अपनी सहयोगी पार्टी आरपीआई (सचिन खरात गुट) के माध्यम से टिकट दिया है। एनसीपी ने 15 जनवरी को होने वाले पुणे और पिंपरी चिंचवाड़ महानगरपालिका चुनावों के लिए आरपीआई (सचिन खरात) के साथ गठबंधन किया है। ये तीनों बंदू आंडेकर के पोते आयुष कोमकर की हत्या के आरोपी हैं और फिलहाल जेल में हैं।

     

     

     

  • 7:21 AM (IST) Posted by Amar Deep

    पहली बार सेना भवन आएंगे अमित ठाकरे

    पहली बार राज ठाकरे के बेटे अमित ठाकरे शिवसेना (UBT) के मुख्यालय सेना भवन आएंगे। यहां उद्धव ठाकरे और अमित ठाकरे के बीच दोपहर 1.30 बजे मुलाकात होगी। इस दौरान दोनों नेता शिवसेना(UBT) और MNS गठबंधन के उम्मीदवारों का मार्गदर्शन करेंगे।

  • 6:51 AM (IST) Posted by Amar Deep

    उद्धव ने राज ठाकरे से की मुलाकात

    शिवसेना (उबाठा) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने गुरुवार को मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे से मुलाकात की। उन्होंने 15 जनवरी को होने वाले महानगरपालिका चुनावों के घोषणापत्र और अभियान को लेकर चर्चा की। उद्धव ने राज से उनके आवास ‘शिवतीर्थ’ पर मुलाकात की। दो दिन पहले, मनसे प्रमुख उद्धव के आवास ‘मातोश्री’ गए थे। ऐसा माना जा रहा है कि उद्धव और राज ने दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं द्वारा किए जा रहे विद्रोह का मुकाबला करने की रणनीति पर भी चर्चा की, क्योंकि प्रत्येक महानगरपालिका वार्ड के लिए कई दावेदार थे जिन्होंने आधिकारिक उम्मीदवार के खिलाफ विद्रोह कर दिया है। दोनों दलों के प्रमुख मुंबई महानगर क्षेत्र में संयुक्त रैलियों को संबोधित करेंगे।