A
  1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. Maharashtra Local Body Polls LIVE: महाराष्ट्र में चुनाव प्रचार तेज, फडणवीस का वादा- 'मराठी हिंदू होगा मुंबई का मेयर'

Maharashtra Local Body Polls LIVE: महाराष्ट्र में चुनाव प्रचार तेज, फडणवीस का वादा- 'मराठी हिंदू होगा मुंबई का मेयर'

Maharashtra Local Body Polls LIVE: महाराष्ट्र में महानगरपालिका चुनावों को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बड़ा दावा किया है। सीएम ने कहा कि इस बार मुंबई में जो भी मेयर बनेगा, वो मराठी हिंदू होगा।

निकाय चुनाव को लेकर प्रचार तेज। - India TV Hindi
Image Source : PTI निकाय चुनाव को लेकर प्रचार तेज।

महाराष्ट्र में 29 महानगरपालिकाओं के लिए 15 जनवरी को चुनाव होने हैं। इस चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। चुनाव अधिकारियों द्वारा जारी Received Nominations Final Report के अनुसार राज्य की 29 महानगरपालिकाओं के लिए कुल 33,606 नामांकन दाखिल किए गए हैं। इसमें कुल 893 प्रभाग (वॉर्ड) और 2,869 नगरसेवक पदों के लिए उम्मीदवार मैदान में हैं। बीएमसी चुनाव में भाग लेने वाले कुल 1,700 उम्मीदवारों को शनिवार को चुनाव चिह्न आवंटित कर दिए गए हैं।

 

Live updates : Maharashtra Local Body Polls LIVE

  • 4:39 PM (IST) Posted by Shakti Singh

    अजित पवार के पार्टी उम्मीदवार पर फिरौती मांगने का आरोप

    पुणे से सटे हड़पसर में सादिक उर्फ बाबू कपूर ने अपने ही घर में खुदकुशी कर ली। एक सुसाईड नोट भी पुलिस ने बरामद किया है, जिसमें यह सुसाइड करने की वजह और उसके जिम्मेदारों के नाम लिखे हैं। मृतक सादिक ने सुंदर जोधपुरकर नामक व्यक्ति से एक जमीन खरीदी थी, जिसके चलते जहूर सैय्यद नामक व्यक्ति सादिक को परेशान करने लगा वह लगातार सादिक से लड़ाई करता उन्हें डराता धमकाता भी था। NCP के मोहम्मदवाडी उंड्री प्रभाग क्रमांक 41 के अधीकृत उम्मीदवार फारुख ईनामदार और उनके दो बेटों का नाम भी इस मामले में मृतक के परिवार द्वारा लिया जा रहा है। इतना ही नहीं तो NCP उम्मीदवार फारूक पर 50 लाख रुपयों की फिरौती मांगने का आरोप भी मृतक के परिवार वालों ने लगाया है।

  • 2:50 PM (IST) Posted by Amar Deep

    उद्धव ने उन वार्डों में चुनाव रद्द करने की मांग की जहां निर्विरोध चुने गए उम्मीदवार

    उद्धव ठाकरे ने रविवार को मांग की कि महाराष्ट्र नगर निकाय चुनाव के तहत जिन वार्ड में उम्मीदवारों की निर्विरोध जीत हुई है, वहां चुनाव रद्द किए जाएं और चुनावी प्रक्रिया फिर से शुरू की जाए। निर्विरोध चुने गए अधिकतर उम्मीदवारों में सत्तारूढ़ गठबंधन में शामिल दलों के उम्मीदवार हैं। राज ठाकरे के साथ मौजूद उद्धव ने दावा किया कि देश में माहौल ऐसा है ‘‘मानो लोकतंत्र पर भीड़तंत्र ने कब्जा कर लिया है।’’ उन्होंने कहा कि अगर राज्य निर्वाचन आयोग में साहस है तो उसे उन वार्ड में चुनाव रद्द कर देना चाहिए जहां उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए हैं और उसे इन वार्ड में चुनावी प्रक्रिया फिर से शुरू करनी चाहिए।

  • 1:40 PM (IST) Posted by Amar Deep

    राहुल नरवेकर क खिलाफ कार्रवाई हो: उद्धव ठाकरे

    शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा, "विधानसभा अध्यक्ष राहुल नरवेकर का खुलेआम उम्मीदवारों और मतदाताओं को धमकाना बेहद चौंकाने वाला है। उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए; उन्हें तुरंत निलंबित किया जाना चाहिए। वे अधिकारियों को नेताओं की सुरक्षा हटाने का आदेश देते हैं; विधानसभा के अंदर उनका यह अधिकार है, बाहर नहीं। राहुल नरवेकर के खिलाफ मामला दर्ज किया जाना चाहिए। आपने निर्विरोध उम्मीदवारों को चुनकर मतदाताओं से उनके मताधिकार को छीन लिया है। इन स्थानों पर उपचुनाव होने चाहिए।"

  • 12:16 PM (IST) Posted by Amar Deep

    एबी फॉर्म 'चोरी' करने के आरोप में महिला भाजपा नेता पर मामला दर्ज

    पुलिस ने बीएमसी चुनावों के लिए पार्टी कार्यालय से ‘एबी’ फॉर्म चुराकर उसी के आधार पर नामांकन दाखिल करने के आरोप में भाजपा की एक महिला नेता के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारी के अनुसार, सोमवार को सायन क्षेत्र के वार्ड नंबर 173 से नामांकन दाखिल करने के लिए शिल्पा दत्ता केलुस्कर को ‘एबी’ फॉर्म जारी किया गया था, लेकिन उसी शाम यह फॉर्म उनसे वापस ले लिया गया। इसके बाद फॉर्म को दादर स्थित भाजपा कार्यालय में जमा कराया गया, जहां कार्यालय सचिव दिनेश जगताप ने उसे एक दराज में रख दिया। अधिकारी ने बताया कि बाद में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना की पूजा रामदास कांबले को उसी वार्ड से चुनाव लड़ने के लिए ‘एबी’ फॉर्म दिया गया।

  • 10:57 AM (IST) Posted by Amar Deep

    मराठी मेयर बनेगा, हिंदू शब्द क्यों ला रहे? -संजय राउत

    शिवसेना (यूबीटी) ने हिंदू मराठी मेयर शब्द पर आपत्ति जताई है। संजय राउत ने कहा कि सीधे कहो कि 'मराठी' मेयर बनेगा, 'हिंदू' शब्द क्यों बीच में ला रहे हो। मराठी कहते हुए इनकी जीभ क्यों लड़खड़ा रही है। हम कह रहे हैं कि मराठी मेयर बनेगा। दिल्ली का जूता चाटने वाला शिंदे हमें हिंदुत्व ना सिखाए, फडणवीस जैसे लोग हमें हिंदुत्व ना सिखाए। 

  • 10:05 AM (IST) Posted by Amar Deep

    NCP कैंडिडेट के बेटे समेत 14 लोगों के खिलाफ केस दर्ज

    पुणे नगर निकाय चुनाव में NCP उम्मीदवार के बेटे और 13 अन्य लोगों के खिलाफ शनिवार को मतदाताओं को प्रलोभन देने के आरोप में मामला दर्ज किया गया। बनेर पुलिस थाने के अधिकारी ने आरोपी की पहचान किरण चंदेरे के रूप में की, जो वार्ड नंबर-9 ‘बनेर-सुस-पाषाण’ से उम्मीदवार बाबूराव चंदेरे के बेटे हैं। अधिकारी ने कहा, ‘‘किरण चंदेरे और 13 अन्य लोगों के खिलाफ आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के लिए BNS की धारा 223, 171 और 74 के तहत मामला दर्ज किया गया है। वे बनेर इलाके में मतदाताओं को प्रलोभन देते पाए गए। हमें उनके पास से एक मतदाता सूची और कुछ अन्य दस्तावेज भी मिले हैं।’’ 

  • 8:59 AM (IST) Posted by Amar Deep

    शिवसेना ने 18 उम्मीदवारों के निर्विरोध निर्वाचित होने का किया दावा

    उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने दावा किया कि महाराष्ट्र में 29 महानगरपालिकाओं के लिए होने वाले चुनाव में उसके 18 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के एक सहयोगी ने बताया कि तीन नगर निकायों ठाणे, जलगांव और कल्याण-डोम्बिवली में शिवसेना के छह-छह उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। 

  • 7:50 AM (IST) Posted by Amar Deep

    मुंबई को मिलेगा मराठी-हिंदू मेयर: फडणवीस

    देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति गठबंधन मुंबई से "बांग्लादेशी घुसपैठियों" की पहचान कर उन्हें निर्वासित करेगी और यह सुनिश्चित करेगी कि देश की आर्थिक राजधानी को एक ऐसा महापौर मिले जो मराठी और हिंदू हो। उन्होंने कहा कि यह चुनाव इस शहर के भविष्य का निर्धारण करेगा। उन्होंने कहा, “हम मुंबई में बांग्लादेशी घुसपैठियों की पहचान करेंगे और उन्हें वापस भेजेंगे, जिससे शहर अधिक सुरक्षित होगा। पिछले सात महीनों में कई बांग्लादेशियों को मुंबई से वापस भेजा जा चुका है और हम तब तक नहीं रुकेंगे जब तक कि सभी घुसपैठियों को निर्वासित नहीं कर दिया जाता।” 

  • 7:26 AM (IST) Posted by Amar Deep

    भिवंडी में भिड़े भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ता

    ठाणे जिले के भिवंडी नरपोली में भंडारी चौक वार्ड नंबर 20 में भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता एक-दूसरे से भिड़ गए। देखते ही देखते जमकर कुर्सियां और लाठी-डंडे चले। इस घटना में दो लोग घायल भी बताए जा रहे हैं। भाजपा उम्मीदवार यशवंत तावरे और कांग्रेस उम्मीदवार जितेंद्र पाल का कार्यालय आमने-सामने है। शनिवार शाम को, कांग्रेस उम्मीदवार ने भाजपा कार्यालय के सामने रैली निकाली और नारे लगाने शुरू कर दिए, जिसके बाद झड़प शुरू हो गई। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पत्थर और कुर्सियां फेंकी और लाठियों से भी हमला किया। 

  • 7:06 AM (IST) Posted by Amar Deep

    29 महानगरपालिका चुनावों के लिए 15,931 उम्मीदवार मैदान में

    महाराष्ट्र में 29 महानगरपालिकाओं के लिए 15 जनवरी को होने वाले चुनाव में कुल 15,931 उम्मीदवार मैदान में हैं। एसईसी के आंकड़ों के अनुसार, कुल 33,247 नामांकन दाखिल किए गए, जिनमें से जांच के बाद 24,771 वैध पाए गए। वैध पाए गए नामांकनों में से 8,840 उम्मीदवारों ने शुक्रवार को अपराह्न तीन बजे समाप्त हुई प्रक्रिया की समयसीमा तक अपने नामांकन वापस ले लिए। इन 29 महानगरपालिकाओं के 893 वार्ड की 2869 सीट के लिए चुनाव होंगे।