1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. Maharashtra MLC Election Results LIVE: पुणे में काउंटिंग के दौरान कंफ्यूजन, 5 सीटों पर मतगणना जारी, जानें पल-पल का अपडेट
Live now

Maharashtra MLC Election Results LIVE: पुणे में काउंटिंग के दौरान कंफ्यूजन, 5 सीटों पर मतगणना जारी, जानें पल-पल का अपडेट

महाराष्ट्र विधान परिषद की पांच सीटों पर हुए चुनाव की मतगणना आज हो रही है। पुणे स्नातक, नागपुर स्नातक, छत्रपति संभाजीनगर स्नातक, पुणे शिक्षक और अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था।

महाराष्ट्र एमएलसी चुनाव रिजल्ट- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV महाराष्ट्र एमएलसी चुनाव रिजल्ट

महाराष्ट्र में एमएलसी चुनावों के लिए वोटों की गिनती शुरू हो चुकी है। यहां पांच सीटों के लिए महायुति और महा विकास अघाड़ी के बीच मुकाबला है। पुणे स्नातक, नागपुर स्नातक, छत्रपतिसंभाजी नगर स्नातक,पुणे शिक्षक और अमरावती शिक्षक सीट के लिए 23 अक्तूबर को वोटिंग हुई थी। विधान परिषद की 78 सीटों में से इन पांच सीटों के सदस्यों का कार्यकाल 6 दिसंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। पुणे ग्रेजुएट सीट पर कुछ देर के लिए कंफ्यूजन हुआ था जिसके चलते काउंटिंग बाधित हुई थी। लेकिन कंफ्यूजन दूर होते ही फिर से मतगणना शुरू हो गई।

महाराष्ट्र एमएलसी चुनावों में इन पांच सीटों पर कुल 182 कैंडिडेट चुनाव मैदान में किस्मत आजमा रहे हैं।  इनके लिए 10,68,072 वोटर्स ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इन सभी पांच सीटों पर औसतन 72.96 फीसदी वोटिंग हुई थी। सबसे ज्यादा वोटिंग अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में हुई थी। जबकि सबसे कम वोटिंग छत्रपति संभाजीनगर स्नातक सीट पर हुई।

Live updates : Maharashtra MLC Election Results LIVE

  • 10:54 AM (IST) Posted by Niraj Kumar

    29 सितंबर को जारी हुआ था नोटिफिकेशन

    ये चुनाव महाराष्ट्र लेजिस्लेटिव काउंसिल के दो साल में होने वाले चुनावों के लिए इलेक्शन कमीशन के शेड्यूल के तहत हो रहे हैं। फॉर्मल नोटिफिकेशन 29 सितंबर को जारी किया गया था, जबकि चुनाव प्रोसेस 31 अक्टूबर तक पूरा होने वाला है। मौजूदा सदस्यों का टर्म 6 दिसंबर को खत्म होने वाला है।

     

  • 10:31 AM (IST) Posted by Niraj Kumar

    पुणे ग्रेजुएट चुनाव की काउंटिंग के दौरान कंफ्यूजन

    पुणे ग्रेजुएट चुनाव क्षेत्र के मतगणना केंद्र पर मंगलवार को कुछ देर के लिए असमंजस की स्थिति बन गई। महा विकास अघाड़ी की उम्मीदवार हर्षदा देशमुख ने आठ बैलेट बॉक्स सील नहीं होने पर आपत्ति जताई।
    हर्षदा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) गुट की उम्मीदवार हैं। उनकी आपत्ति के बाद चुनाव अधिकारियों और उम्मीदवारों के प्रतिनिधियों के बीच इस मुद्दे पर कुछ देर तक असमंजस बना रहा। इसके चलते मतगणना प्रक्रिया को कुछ समय के लिए रोक दिया गया था। बाद में कंफ्यूजन दूर हुआ और काउंटिंग जारी है।

  • 10:05 AM (IST) Posted by Niraj Kumar

    औरंगाबाद में काउंटिंग जारी

    औरंगाबाद में भी काउंटिंग की प्रक्रिया जारी है। मतगणना केंद्रों पर प्रशासन की निगरानी में मतों की गिनती की जा रही है। मतगणना के नतीजों पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

  • 9:37 AM (IST) Posted by Niraj Kumar

    बालेवाड़ी खेल परिसर के पास सुरक्षा के कड़े इंतजाम

    बालेवाड़ी खेल परिसर के बैडमिंटन हॉल और उसके आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। परिसर में केवल अधिकृत मतगणना अधिकारियों, कर्मचारियों और चुनाव आयोग द्वारा जारी प्रवेश पत्र (Pass) धारक एजेंटों को ही प्रवेश की अनुमति दी गई है। First Preference के वोटों की गिनती के बाद परिणाम के रुझान स्पष्ट होने की उम्मीद जताई जा रही है।

  • 9:36 AM (IST) Posted by Niraj Kumar

    पुणे शिक्षक सीट के लिए 42 टेबल पर काउंटिंग

    पुणे विभाग शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मतगणना के लिए शिक्षक सीट के लिए कुल 42 टेबल लगाई गई हैं। इस चुनाव क्षेत्र के मतों की गिनती 3 हॉल में की जा रही है। प्रत्येक कक्ष में 7-7 टेबलों की दो कतारें व्यवस्थित की गई हैं। वोटों की गिनती जारी है।

     

  • 9:34 AM (IST) Posted by Niraj Kumar

    पुणे: बालेवाड़ी में 142 टेबलों पर मतों की गिनती जारी

    महाराष्ट्र विधान परिषद के पुणे विभाग स्नातक और पुणे विभाग शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए वोटों की गिनती जारी है। मतगणना बालेवाड़ी स्थित श्री शिवछत्रपति खेल परिसर के बैडमिंटन हॉल में कड़ी सुरक्षा और पारदर्शी व्यवस्था के बीच हो रही है। प्रशासन द्वारा मतगणना की प्रक्रिया को सुचारू और बिना किसी बाधा के संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के विशाल आकार और मतपत्रों की बड़ी संख्या को ध्यान में रखते हुए कुल 142 टेबल लगाई गई हैं। स्नातक सीट के लिए 100 टेबलें आवंटित की गई हैं मतगणना के लिए कुल 5 विशेष कक्ष बनाए गए हैं। प्रत्येक कक्ष में 10-10 टेबलों की दो समानांतर कतारें (Rows) लगाई गई हैं, जिससे मतगणना एजेंट और अधिकारी आसानी से निगरानी रख सकें।

     

  • 9:31 AM (IST) Posted by Niraj Kumar

    अमरावती शिक्षक सीट पर किसके बीच मुकाबला?

    अमरावती शिक्षक सीट पर शिंदे गुट की शिवसेना के किरण सरनाईक और कांग्रेस की अदिति पोहरे के बीच मुकाबला है। भाजपा की बागी संगीता शिंदे समेत अन्य उम्मीदवारों की मौजूदगी भी चुनाव को अहम बनाती है।

     

  • 9:17 AM (IST) Posted by Niraj Kumar

    छत्रपति संभाजीनगर स्नातक सीट पर किसके बीच मुकाबला?

    छत्रपति संभाजीनगर स्नातक सीट पर अजित पवार गुट की एनसीपी के सतीश चव्हाण और शरद पवार गुट के उम्मीदवार के बीच मुकाबला है। यहां एनसीपी के दोनों गुटों की प्रतिष्ठा दांव पर है। छत्रपति संभाजीनगर स्नातक सीट पर वोटों की गिनती जारी है।

  • 8:58 AM (IST) Posted by Niraj Kumar

    पुणे स्नातक सीट पर किसके बीच मुकाबला?

    पुणे स्नातक सीट की बात करें तो इस सीज पर भाजपा की डॉ. स्मिता जाधव और एनसीपी (शरदचंद्र पवार) की हर्षदा जाधव-देशमुख के बीच मुकाबला है। शिवसेना (UBT) के सुनील मोदी समेत अन्य उम्मीदवार भी मैदान में हैं।

  • 8:53 AM (IST) Posted by Niraj Kumar

    नागपुर स्नातक सीट पर किसके बीच मुकाबला?

    नागपुर स्नातक सीट पर बीजेपी के सुधाकर कोहले का मुकाबला कांग्रेस के अभिजीत वंजारी से है। बीजेपी के पूर्व विधायक अनिल सोले ने नाम वापस लेकर कोहले को समर्थन दिया। फिलहाल नागपुर स्नातक सीट के लिए वोटों की गिनती जारी है। 

     

  • 8:37 AM (IST) Posted by Niraj Kumar

    सीटों का फॉर्मूला

    बीजेपी ने नागपुर स्नातक, पुणे शिक्षक और पुणे स्नातक सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे। छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद) स्नातक सीट पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) ने चुनाव लड़ा, जबकि अमरावती शिक्षक सीट पर शिवसेना ने अपना उम्मीदवार उतारा। शिवसेना ने पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के आधिकारिक उम्मीदवार के खिलाफ एक निर्दलीय प्रत्याशी का भी समर्थन किया।

     

  • 8:20 AM (IST) Posted by Niraj Kumar

    अमरावती में हुई थी सबसे ज्यादा वोटिंग

    अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में सबसे ज्यादा  92.25 फीसदी वोटिंग हुई थी।  वहीं, पुणे शिक्षक सीट पर 85.56 फीसदी, नागपुर स्नातक सीट पर 64.82 फीसदी, पुणे स्नातक सीट पर 62.75 फीसदी और छत्रपति संभाजीनगर स्नातक सीट पर 59.12 फीसदी वोटिंग हुई थी।

     

  • 8:16 AM (IST) Posted by Niraj Kumar

    महाराष्ट्र में वोटों की गिनती शुरू

    महाराष्ट्र एमएलसी चुनावों में पांच सीटों के लिए वोटों की गिनती का काम शुरू हो चुका है। कुल 182 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला इस चुनाव में होना है।