महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। मुंबई के विक्रोली पार्कसाइट पुलिस स्टेशन क्षेत्र में 35 वर्षीय व्यक्ति ने ऑटो रिक्शा में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। ये घटना गुरुवार 9 जुलाई को दोपहर के बाद सामने आई है। इस घटना को लेकर पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक पिछले तीन महीनों से अपने परिवार से अलग रह रहा था। वह शराब की लत का शिकार था।
पत्नी से कही थी आत्महत्या की बात
मुंबई में ऑटो रिक्शा में आत्महत्या के मामले को लेकर पुलिस ने अपनी जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, उन्हें परिजनों से यह भी जानकारी मिली है कि करीब पांच दिन पहले मृतक ने अपनी पत्नी के सामने आत्महत्या करने की बात कही थी। पुलिस ने बताया है कि मृतक की पहचान अदनान अहमद वलियप्पा (उम्र 35 वर्ष), निवासी घाटकोपर, मुंबई के रूप में हुई है।
मामले की जांच जारी
पुलिस ने जरूरी कार्रवाई करने के बाद मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए क्षेत्र के राजावाड़ी अस्पताल में भेज दिया है। इस मामले में पार्कसाइट पुलिस थाने में आकस्मिक मृत्यु (ADR) का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस इस घटना को लेकर आगे की जांच और कार्रवाई कर रही है।
सांगली में भी युवक ने दी थी जान
आपको बता दें कि कुछ ही दिनों पहले महाराष्ट्र के सांगली जिले में भी आत्महत्या का चौंका देने वाला मामला सामने आया था। यहां एक 19 वर्षीय युवक दुर्वांक शेवाले ने अपनी जान दे दी थी। वह अपने घर के कमरे में मृत पाया गया था। युवक की मां ने आरोप लगाया था कि उनका बेटे के ऊपर धर्मांतरण का दबाव था। मृतक की मां का कहना है कि दुर्वांक एक युवती के साथ रिश्ते में था और उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव डाला जा रहा था। इसी वजह से उसने ये कदम उठाया। मामले में शिकायत के बाद पुलिस ने एक नाबालिग लड़की और उसके एक साथी के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
डिस्क्लेमर: प्रशिक्षित और मान्यता प्राप्त मानसिक स्वास्थ्य (मेंटल हेल्थ) परामर्शदाताओं से परामर्श और सहायता प्राप्त करने के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14416 या 1800-891-4416 डायल करें।
या
TISS Icall 022-25521111 (सोमवार-शनिवार: सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक)
(यदि आपको सहायता की आवश्यकता है या आप किसी ऐसे व्यक्ति को जानते हैं जिसे सहायता की आवश्यकता है, तो कृपया अपने निकटतम मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से संपर्क करें।)
ये भी पढ़ें- केतन अग्रवाल के पिता ने इंसाफ के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को लिखा भावुक पत्र, की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग
अपनी उम्र से बड़ी गर्लफ्रेंड के साथ होटल में रुका था शादाब, सोती रही प्रेमिका, फांसी पर झूल गया प्रेमी