मुंबई: कॉमेडियन कुणाल कामरा विवाद पर महाराष्ट्र समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अबू आसिम आज़मी का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा, 'कानून सबके लिए बराबर है। अगर इसी देश में सलमान रुश्दी और तसलीमा नसरीन को बुलाकर रेड कारपेट दी जाती है तो उस पर कोई कार्रवाई नहीं होती।'
आजमी ने कहा, 'अगर कोई उपमुख्यमंत्री के खिलाफ बोलता है, तो तुरंत जांच होती है। मैं समझता हूं कि यह एक धर्मनिरपेक्ष देश है और सभी को बोलने और अभिव्यक्ति का अधिकार है। अगर कोई बोलता है तो इतना नाराज नहीं होना चाहिए।'
क्या है कुणाल कामरा विवाद?
कुणाल कामरा और एकनाथ शिंदे के बीच का विवाद पिछले महीने शुरू हुआ था, जब स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा ने अपने शो में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर तंज कसा था। कामरा ने बॉलीवुड के एक गाने की पैरोडी बनाकर शिंदे के राजनीतिक करियर पर व्यंग्य किया था। कामरा की यह टिप्पणी 2022 में शिंदे द्वारा उद्धव ठाकरे के खिलाफ बगावत और महा विकास आघाड़ी सरकार गिराने की घटना से जुड़ी थी।
23 मार्च 2025 को कामरा ने यह वीडियो अपने यूट्यूब चैनल और सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जो तेजी से वायरल हो गया। इसके बाद शिंदे गुट के शिवसैनिकों ने 24 मार्च को मुंबई के खार इलाके में स्थित हैबिटेट कॉमेडी क्लब और होटल यूनिकॉन्टिनेंटल में तोड़फोड़ की, जहां यह शो रिकॉर्ड हुआ था।
शिवसेना कार्यकर्ताओं का दावा था कि कामरा ने शिंदे का अपमान किया, और उन्होंने उनकी गिरफ्तारी की मांग की थी। मुंबई के खार पुलिस स्टेशन में एफआईआर भी दर्ज कराई थी।
खार पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 356(2) (मानहानि) के तहत मामला दर्ज किया और उन्हें तीन समन जारी किए। कामरा 5 अप्रैल को पूछताछ के लिए पेश नहीं हुए। इसके अलावा, जलगांव के मेयर, नासिक के एक होटल व्यवसायी, और एक व्यापारी ने भी उनके खिलाफ शिकायतें दर्ज कीं।
कुणाल कामरा ने खटखटाया बॉम्बे हाई कोर्ट का दरवाजा
हालही में खबर सामने आई थी कि स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा ने बॉम्बे हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। कामरा ने कोर्ट से खार पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर को रद्द करने की मांग की है। गौरतलब है कि कामरा ने महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे पर अपमान जनक टिप्पणी की थी।