A
Hindi News महाराष्ट्र महाराष्ट्र: युवक के साथ दरिंदगी, नंगा करके पीटा, न्यूड वीडियो बनाकर प्राइवेट पार्ट काटने की धमकी दी

महाराष्ट्र: युवक के साथ दरिंदगी, नंगा करके पीटा, न्यूड वीडियो बनाकर प्राइवेट पार्ट काटने की धमकी दी

महाराष्ट्र के उल्हासनगर में एक 30 साल के युवक के साथ दरिंदगी हुई है और उसकी बेरहमी से पिटाई की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

Maharashtra- India TV Hindi Image Source : REPORTER INPUT 30 साल के युवक को बेरहमी से पीटता युवक (लाल घेरे में)

उल्हासनगर: महाराष्ट्र के उल्हासनगर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक साहूकार ने दिन दहाड़े चाइनीज सेंटर में घुसकर 30 साल के युवक को किडनैप कर लिया और उसकी बेरहमी से पिटाई की। इस दौरान युवक की नंगा करके पिटाई की गई और उसका प्राइवेट पार्ट काटने की धमकी दी गई। 

क्या है पूरा मामला?

घटना उल्हासनगर कैंप नंबर 5 इलाके में हुई और हिल लाइन पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है। पुलिस की दी गई जानकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता चिराग मीरचंदानी(30), अंबरनाथ पूर्व स्थित आश्रय आनंद इमारत में परिवार के साथ रहते हैं। चिराग मीरचंदानी ने आरोपी साहूकार अमित चागुला से ब्याज पर 4 लाख रुपये उधार लिए थे। इसमें से उसने 2 लाख 50 हजार रुपये लौटा दिए थे लेकिन, आरोपी 4 लाख 50 हजार रुपये मांगते रहे। 

जब चिराग ने ज्यादा ब्याज की वजह से बाकी पैसे देने से मना कर दिया, तो आरोपियों ने साजिश रची। 9 फरवरी की रात, जब वह उल्हासनगर कैंप नंबर 5 में एक चाइनीज़ सेंटर पर खाना खा रहा था, तो आरोपियों ने उसे लोहे के पाइप से पीटा। फिर उसे जबरदस्ती कार में बिठाकर बदलापुर के एक ऑफिस में ले जाकर फिर से पीटा।

इसके बाद, आरोपी, चिराग को माथेरान ले गए और एक लॉज में बंद कर दिया। यहां भी उसे नंगा करके पीटा गया और वीडियो बनाया गया। पैसे न देने पर उसका लिंग काटने की धमकी दी गई। उसकी बहन को गंदी-गंदी गालियां दीं गईं और कहा गया कि अगर पैसे नहीं दे सकते तो अपनी बहन को हमारे साथ भेज दो।

इस घटना के बाद से इलाके के लोगों में दहशत है और लोग आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि अगर इस तरह एक आम आदमी के साथ वर्ताव होगा तो बाकी लोग डरे हुए रहेंगे। पुलिस को निश्चित ही इस मामले में सख्त कार्रवाई करने की जरूरत है। (इनपुट: उल्हासनगर से सुनील शर्मा)