1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. ब्रेक की जगह दबा एक्सीलेटर, कार ने बाइक-तीन ऑटो को मारी टक्कर; CCTV में कैद हुआ मौत का मंजर

ब्रेक की जगह दबा एक्सीलेटर, कार ने बाइक-तीन ऑटो को मारी टक्कर; CCTV में कैद हुआ मौत का मंजर

तेज रफ्तार कार ने सिग्नल पर खड़ी बाइक और तीन ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 34 वर्षीय प्रियंका सात्रा की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हुए।

सड़क हादसे में महिला प्रियंका सात्रा की मौत- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT सड़क हादसे में महिला प्रियंका सात्रा की मौत

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के मालाड पश्चिम इलाके में 30 अगस्त की रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे का CCTV फुटेज सामने आया है। हादसे में बाइक पर पीछे बैठी 34 वर्षीय महिला प्रियंका सात्रा की मौत हो गई, जबकि उनके पति समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

यह हादसा रविवार रात करीब 8 बजे मालाड पश्चिम के मामलेदारवाड़ी-एस.वी. रोड जंक्शन पर हुआ। उस वक्त सिग्नल पर कई वाहन रुके हुए थे। CCTV फुटेज में तेज रफ्तार कार के अचानक वाहनों को टक्कर मारने की घटना कैद हुई है।

पहले बाइक को मारी टक्कर, फिर ऑटो रिक्शा से भिड़ी कार

पुलिस के मुताबिक, 70 वर्षीय चालक कृष्णा चामणकर कार चला रहा था। उसने पुलिस को बताया कि हादसे के वक्त ब्रेक लगाने के बजाय गलती से एक्सीलेटर दब गया। इसके बाद बेकाबू कार ने सिग्नल पर खड़ी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मारी।

बाइक पर प्रियंका सात्रा अपने पति के साथ सवार थीं। दोनों सब्जी खरीदकर घर लौट रहे थे। बाइक को टक्कर मारने के बाद कार ने तीन ऑटो रिक्शा को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में प्रियंका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति समेत छह लोग घायल हो गए।

शराब के नशे में नहीं था चालक

मालाड पुलिस ने कृष्णा चामणकर के खिलाफ लापरवाही और तेज रफ्तार में वाहन चलाने के आरोप में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, मेडिकल जांच में चालक के शराब के नशे में होने की पुष्टि नहीं हुई। बाद में आरोपी चालक को कोर्ट से जमानत मिल गई।

SUV ने बुजुर्ग को कुचला, मौत

वहीं, महाराष्ट्र के नागपुर में रविवार सुबह तेज रफ्तार एसयूवी की चपेट में आने से एक बुजुर्ग शख्स की मौत हो गई। हादसा सिविल लाइंस इलाके में जापानी गार्डन रोड पर सुबह करीब 5:30 बजे हुआ। पुलिस ने इस मामले में एसयूवी चालक समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया। मृतक की पहचान कैलाश सोंडिया के रूप में हुई है। वह जापानी गार्डन के पास सुबह की सैर कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार एसयूवी ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट आई। उन्हें तत्काल सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय इलाके में तीन कारें तेज रफ्तार से एक-दूसरे से होड़ करते हुए दौड़ रही थीं। इसी दौरान एक एसयूवी ने सड़क पर जा रहे बुजुर्ग को टक्कर मार दी।

ये भी पढ़ें-

पंजाब की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से नाम गायब, भड़के राघव चड्ढा बोले- "ये गलती नहीं, राजनीतिक बदला है"

VIDEO: बच्चे पढ़ रहे थे, तभी सरकारी स्कूल की छत का हिस्सा गिरा, 6 घायल