A
Hindi News महाराष्ट्र मालेगांव मेयर चुनावः महानगरपालिका में सपा गठबंधन का बजा डंका, नसरीन महापौर तो शान-ए-हिंद डिप्टी मेयर चुनी गईं

मालेगांव मेयर चुनावः महानगरपालिका में सपा गठबंधन का बजा डंका, नसरीन महापौर तो शान-ए-हिंद डिप्टी मेयर चुनी गईं

इंडियन सेक्युलर लार्जेस्ट असेंबली ऑफ़ महाराष्ट्र (ISLAM) पार्टी ने मालेगांव म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन पर कब्ज़ा कर लिया है। नसरीन खालिद शेख मेयर चुनी गईं, जबकि समाजवादी पार्टी की शान-ए-हिंद निहाल अहमद डिप्टी मेयर चुनी गईं।

मेयर नसरीन खालिद शेख और डिप्टी मेयर शान-ए-हिंद निहाल अहमद- India TV Hindi Image Source : REPORTER मेयर नसरीन खालिद शेख और डिप्टी मेयर शान-ए-हिंद निहाल अहमद

नासिकः मालेगांव महानगरपालिका में सपा गठबंधन यानी मालेगांव सेकुलर फ्रंट का डंका बजा है। मालेगांव सेकुलर फ्रंट में शामिल इस्लाम पार्टी की उम्मीदवार नसरीन खालिद शेख को महानगरपालिका ने नया मेयर चुन लिया है। इस्लाम पार्टी की नसरीन खालिद शेख को 43 वोट मिले और उन्हें मेयर घोषित किया गया। शिव सेना उम्मीदवार को 18 वोट मिले और हार का सामना करना पड़ा। मेयर चुनाव में AIMIM के 21 और बीजेपी के दो पार्षदों ने मतदान में हिस्सा नहीं लिया। कांग्रेस तीन पार्षदों ने इस्लाम पार्टी की उम्मीदवार को वोट दिया। 

सपा की शान-ए-हिंद डिप्टी मेयर चुनी गईं

वहीं, मालेगांव महानगरपालिका के उपमहापौर पद पर समाजवादी पार्टी की शान-ए-हिंद निहाल अहमद विजयी हुईं। शान-ए-हिंद ने शिवसेना के एडवोकेट निलेश काकड़े को पराजित किया। समाजवादी पार्टी की शान-ए-हिंद को 43 वोट, जबकि शिवसेना के एडवोकेट निलेश काकड़े को 18 वोट मिले। उपमहापौर पद के चुनाव में एमआईएम और भाजपा के नगरसेवक तटस्थ रहे।

कांग्रेस ने किया सपा और इस्लाम पार्टी का समर्थन

मालेगांव महानगरपालिका में इस्लाम पार्टी और समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस के समर्थन से सत्ता पर कब्जा किया है। इस्लाम पार्टी की नसरिन शेख खालिद महापौर बनीं, जबकि समाजवादी पार्टी की शान-ए-हिंद उपमहापौर चुनी गईं। मालेगांव महानगरपालिका चुनाव में पहली बार चुनाव लड़ने वाली ‘इस्लाम’ पार्टी पहली बार में ही मेयर पद पर कब्जा करने में सफल रही। पीठासीन अधिकारी के रूप में जिलाधिकारी आयुष प्रसाद ने चुनाव प्रक्रिया का संचालन किया। उन्होंने कहा कि सौहार्दपूर्ण माहौल में महापौर और उपमहापौर पद का चुनाव संपन्न हुआ। 

नगर निगम चुनावों में ISLAM पार्टी को मिली थी 35 सीटें

बता दें कि मालेगांव महानगरपालिका में जनवरी में चुनाव हुआ था। नगर निगम चुनावों में ISLAM पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी और 35 सीटें जीतीं। 84 सीटों वाले कॉर्पोरेशन में फाइनल नतीजों में AIMIM को 21 सीटें, शिवसेना को 18, समाजवादी पार्टी को 5, कांग्रेस को 3 और बीजेपी को 2 सीटें मिलीं। 

ISLAM पार्टी की स्थापना 20 अक्टूबर 2024 को पूर्व कांग्रेस विधायक शेख आसिफ शेख राशिद ने की थी। यह पार्टी अपनी तेज़ी से बढ़ती लोकप्रियता के कारण चर्चा में रही है, जिसने अपने पहले ही कॉर्पोरेशन चुनाव में AIMIM जैसे दल को चुनौती देकर नगर निगम पर कब्ज़ा किया है।

रिपोर्ट- जहूर खान, मालेगांव