महाराष्ट्र के मालेगांव महानगरपालिका की विशेष महासभा उस समय हंगामे की भेंट चढ़ गई, जब AIMIM और इस्लाम पार्टी के पार्षद आमने-सामने लड़ पड़े। देखते ही देखते मामला धक्का-मुक्की और मारपीट तक पहुंच गया। मालेगांव महानगरपालिका जंग का अखाड़ा बन गई। पार्षद एक दूसरे के कॉलर पकड़ कर घसीटते रहे। इस दौरान मेयर नसरीन शेख पार्षदों को शांत कराती रहीं। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है।
BLOs को लेकर हुआ बवाल
मेयर नसरीन शेख ने SIR (Special Intensive Revision) को लेकर विशेष महासभा बुलाई थी। बैठक में प्रस्ताव रखा गया था कि सर्वे करने वाले BLOs की मदद के लिए बेरोजगार शिक्षकों की कॉन्ट्रैक्ट पर नियुक्ति की जाए।
हाथापाई तक पहुंच गया मामला
बैठक के दौरान इस मुद्दे पर चर्चा चल ही रही थी कि AIMIM के पार्षद अचानक मेयर और डिप्टी मेयर की कुर्सी के पास पहुंच गए और विरोध जताते हुए हंगामा करने लगे। इसके बाद सत्ता पक्ष के पार्षद भी मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
मेयर ने कहा- ये पूरी तरह गुंडागर्दी
हंगामे के चलते बैठक की कार्यवाही बाधित हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। मेयर नसरीन शेख ने इस घटना को 'गुंडागर्दी' करार देते हुए कहा कि सदन की मर्यादा को तोड़ा गया है।
AIMIM के नेता बोले- आवाज दबाने की कोशिश
वहीं, AIMIM के नेता डॉक्टर खालिद परवेज ने आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल, इस घटना के बाद नगर राजनीति गरमा गई है। इस पूरे मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं।
मालेगांव से जहूर खान की रिपोर्ट