1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. मालेगांव में गुलाल उड़ाने को लेकर शोभायात्रा पर पथराव, गुस्साए लोगों ने कई गाड़ियों में की तोड़फोड़, पुलिस बल तैनात

मालेगांव में गुलाल उड़ाने को लेकर शोभायात्रा पर पथराव, गुस्साए लोगों ने कई गाड़ियों में की तोड़फोड़, पुलिस बल तैनात

मालेगांव में हालात ऐसे हो गए कि इलाके में ना सिर्फ पुलिस बल बल्कि SRPF और RAF के जवानों को तक को तैनात करना पड़ा। तब कहीं जाकर हालात काबू में आए।

भारी पुलिस फोर्स तैनात- India TV Hindi
Image Source : ANI भारी पुलिस फोर्स तैनात

महाराष्ट्र के वाशिम जिले में दुर्गा विसर्जन शोभायात्रा में पथराव की घटना सामने आई है। वाशिम के मालेगांव शहर में दुर्गा विसर्जन शोभायात्रा निकाली जा रही थी, तभी टिपू सुल्तान चौक के पास शोभायात्रा पर पथराव किए जाने की घटना सामने आई। जानकारी के मुताबिक शोभायात्रा में उड़ाए गए गुलाल को लेकर पूरा बवाल हुआ है। 

दुर्गा मंडल में मौजूद लोगों से गाली-गलौच 

एक घर पर गुलाल पड़ने से गुस्साए कुछ युवकों ने दुर्गा मंडल में मौजूद लोगों से गाली-गलौच की। फिर विवाद बढ़ने पर पथराव और गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। हालांकि, घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस, SRPF और RAF के जवानों ने हालात को काबू में किया। फिलहाल पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

कई गाड़ियों में तोड़फोड़

घटना के बाद गुस्साए लोगों ने कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की। दुर्गा मंडल के लोग पथराव करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पुलिस स्टेशन पहुंचे। आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने तक विसर्जन शोभायात्रा रोकने का फैसला किया है।

अब स्थिति है काबू में

इलाके में बवाल को देखते हुए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल पहुंचा। हालांकि, इसके बाद भी जब स्थिति काबू में नहीं आई तो मौके पर SRPF और RAF के जवानों को भी तैनात किया गया। घटना के बाद से मालेगांव शहर में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। 

जानिए क्या बोली पुलिस की टीम

इस पूरे मामले की अधिक जानकारी देते हुए वाशिम के सब-डिविजनल पुलिस ऑफिसर रामकृष्ण पवार ने बताया, "दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान, एक खास समुदाय के घरों के पास गुलाल फेंकने को लेकर एक घटना हुई। कुछ लोगों ने इस पर आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों समुदायों के लोगों के बीच तीखी बहस हो गई। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर कुछ पत्थर फेंके गए, लेकिन पुलिस ने बीच-बचाव किया, कर्फ्यू लगाया और स्थिति को काबू में करके शांति बहाल कर दी। किसी तरह की तोड़फोड़ नहीं हुई और न ही घरों या गाड़ियों को कोई नुकसान पहुंचा। इस विवाद को लेकर FIR दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

जांच में जुटी पुलिस की टीम

हालांकि, स्थिति को देखते हुए पुलिस ने इलाके में भारी बंदोबस्त तैनात किया है। जवान स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

ये भी पढ़ें: 

टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में अब तक 10 आरोपी पकड़े गए, जानिए किसकी क्या रही भूमिका