1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. पाकिस्तान की हार के बाद शख्स ने भारत के खिलाफ की नारेबाजी, दुकान पर चला बुलडोजर; पत्नी के साथ गिरफ्तार

पाकिस्तान की हार के बाद शख्स ने भारत के खिलाफ की नारेबाजी, दुकान पर चला बुलडोजर; पत्नी के साथ गिरफ्तार

भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबले में पाकिस्तान की हार हो गई। इसके बाद एक शख्स ने भारत विरोधी नारे लगाए। वहीं इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने काफी विरोध जताया, जिसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए शख्स को पत्नी सहित गिरफ्तार कर लिया। वहीं इसकी दुकान पर बुलडोजर चला दिया गया है।

दुकान पर चलाया गया बुलडोजर।- India TV Hindi
Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE/FILE/PTI दुकान पर चलाया गया बुलडोजर।

मुंबई: महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले में पुलिस ने एक शख्स और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया है। दोनों को चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट मैच में पाकिस्तान की हार के बाद भारत के खिलाफ नारे लगाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार को मालवण नगर परिषद के अधिकारियों ने सिंधुदुर्ग के तारकरली रोड पर 38 वर्षीय व्यक्ति की दुकान को अनधिकृत निर्माण बताते हुए बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। चैंपियंस ट्रॉफी के रविवार को दुबई में हुए एकतरफा मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को छह विकेट से हरा दिया था। 

रोहित शर्मा के आउट होने पर भी लगाए नारे

अधिकारी ने बताया कि कुछ स्थानीय लोगों ने रविवार रात सिंधुदुर्ग के मालवण थाने में कबाड़ कारोबारी किताबुल्ला हमीदुल्ला खान के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, जो अपने परिवार के साथ तारकरली रोड पर रहता है। उन्होंने बताया कि शिकायत के अनुसार किताबुल्ला हमीदुल्ला खान ने अपनी पत्नी आयशा (35) और 15 वर्षीय बेटे के साथ कथित तौर पर ‘‘भारत विरोधी’’ नारे लगाए। अधिकारी ने बताया कि भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा के आउट होने के बाद भी उन्होंने कथित तौर पर भारत के खिलाफ नारे लगाए थे। उन्होंने बताया कि कुछ स्थानीय लोगों ने कबाड़ कारोबारी की हरकत के विरोध में सोमवार को मालवण के देउलवाड़ा इलाके में बाइक रैली निकाली। 

विभिन्न मामलों के तहत केस दर्ज

अधिकारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सोमवार को कबाड़ कारोबारी और उसके परिवार के दो सदस्यों के खिलाफ धर्म के आधार पर समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने सहित विभिन्न आरोपों में मामला दर्ज किया गया। अधिकारी ने बताया कि कबाड़ कारोबारी और उसकी पत्नी को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उनके बेटे को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि सोमवार को मालवण नगर परिषद के अतिक्रमण हटाने वाले विभाग ने कबाड़ कारोबारी की दुकान को बुलडोजर से गिरा दिया, क्योंकि यह अनधिकृत थी और अवैध रूप से बनाई गई थी। (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें- 

'महाकुंभ ने यूपी के नए पंच तीर्थ को जोड़ा', जानें सीएम योगी ने किन पांच शहरों का लिया नाम

मोबाइल फोन ने बचा ली जिंदगी, बदमाशों ने शख्स पर की फायरिंग, लेकिन खरोंच तक नहीं आई; जानें पूरा मामला