मुंबई के सबसे भीड़-भाड़ वाले इलाकों में से एक छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस रेलवे स्टेशन के बाहर एक शख्स धारदार कोयता लहराने लगा, यह घटना माता रमाबाई आंबेडकर मार्ग पुलिस स्टेशन क्षेत्र में शनिवार को CSMT स्टेशन के बाहर हुई। यहां एक युवक कोयता लहराकर लोगों को डरा-धमका रहा था। गनीमत रही कि इस घटना में किसी को कोई चोट नहीं आई।
हाथ में कोयता लेकर लोगों को दौड़ा रहा था युवक
बता दें कि इस बात की जानकारी एक शख्स ने मुंबई पुलिस को X पर पोस्ट कर दी जिसके बाद पुलिस तुरंत एक्टिव हो गई। जानकारी मिलते ही पुलिस स्टेशन में मौजूद सहायक पुलिस निरीक्षक अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचीं। उस वक्त युवक हाथ में कोयता लेकर जोर-जोर से चिल्ला रहा था और आने-जाने वाले लोगों के साथ-साथ अपने साथ मौजूद महिला की ओर भी हमला करने के अंदाज में दौड़ रहा था।
बीवी से विवाद के बाद अनवर ने निकाल लिया कोयता
पुलिस टीम ने पीछे से घेरकर युवक को काबू किया और उसके हाथ से कोयता छीन लिया। पूछताछ में एक महिला ने बताया कि 22 साल का आरोपी वकार अनवर शेख उसका पति है। दोनों घूमने के लिए आए थे, लेकिन आपसी विवाद के बाद वकार ने बैग से कोयता निकाल लिया और महिला व आसपास मौजूद लोगों को धमकाने लगा।
पुलिस ने कोयता वाले से महिला को बचाया
इसी दौरान, मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए महिला को सुरक्षित बचाया और आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस थाने ले गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटना के दौरान, किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
अनवर के खिलाफ पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
गिरफ्तार आरोपी वकार अनवर शेख के खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर अव्यवस्था फैलाने और कानून को हाथ में लेने की इजाजत किसी को नहीं है। ऐसे करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। वकार अनवर शेख को भी बख्शा नहीं जाएगा, उसके खिलाफ कड़ा एक्शन होगा। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें- TET पेपर लीक मामले में CM फडणवीस का एक्शन, जांच के लिए गठित की SIT