A
  1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. चार बच्चों के साथ कुएं में कूदा शख्स, 5 लोगों के शव बरामद; पत्नी के मायके जाने से था परेशान

चार बच्चों के साथ कुएं में कूदा शख्स, 5 लोगों के शव बरामद; पत्नी के मायके जाने से था परेशान

महाराष्ट्र के जलगांव में एक शख्स ने अपने चार बच्चों के साथ आत्महत्या कर ली है। जानकारी के मुताबिक विवाद के बाद पत्नी मायके चली गई, जिसके बाद शख्स ने यह कदम उठाया।

बच्चों को कुएं में धकेलकर खुद भी कूदा शख्स।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT बच्चों को कुएं में धकेलकर खुद भी कूदा शख्स।

जलगांव: महाराष्ट्र के जलगांव जिले से एक हैरान कर देने का मामला सामने आया है। यहां जामोद तहसील के राजुरा बांध इलाके में एक ही परिवार के पांच लोगों ने आत्महत्या कर ली। सभी लोगों ने खेत में बने एक कुएं में कूदकर जान दे दी। वहीं एक ही परिवार के पांच लोगों के शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पारिवारिक विवाद के चलते एक शख्स ने अपने चार मासूम बच्चों को कुएं में धक्का दिया और फिर खुद भी आत्महत्या कर ली।

मायके चली गई थी पत्नी

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, विजय किराडिया की पत्नी घरेलू विवाद के चलते कल मायके चली गई थी। आज सुबह विजय घर का काम कर रहा था, तभी उसके पिता ने उससे पूछा कि “तू खुद काम क्यों कर रहा है, तेरी पत्नी कहां गई?” इसी बात को लेकर मानसिक तनाव और पारिवारिक विवाद के चलते विजय ने अपने चारों बच्चों को राजुरा बांध क्षेत्र के कुएं में धक्का दे दिया और बाद में खुद भी कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली।

कुएं से निकाले गए पांच शव

घटना की जानकारी मिलते ही जलगांव जामोद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से कुएं से पांचों शव बाहर निकाले गए। फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए जलगांव जामोद ग्रामीण अस्पताल भेज दिया है। इस दर्दनाक घटना से भाले अंजन गांव समेत पूरे तहसील में शोक का माहौल है। जलगांव जामोद पुलिस ने मौत का कारण बनने के आरोप में मृतक विजय मुसा किराडिया के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

मृतकों की हुई पहचान

इस घटना में मृतकों की पहचान कर ली गई है। जिन पांच लोगों के शव बरामद हुए हैं उनमें व्यक्ति की पहचान विजय मुसा किराडिया के रूप में हुई है, जबकि चार बच्चों की पहचान प्रीत किराडिया (7), प्राची किराडिया (5), पूर्वी किराडिया (4) और पीयुष किराडिया (2) के रूप में हुई है। (इनपुट- गणेश सोलंकी)

यह भी पढ़ें-

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, बस पलटने से 6 की मौत; 10 घायल