1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. पत्नी की हत्या की, शव को बोरी में भरा और स्कूटर पर रखकर ठिकाने लगाने चल पड़ा, पुलिस ने पकड़ा

पत्नी की हत्या की, शव को बोरी में भरा और स्कूटर पर रखकर ठिकाने लगाने चल पड़ा, पुलिस ने पकड़ा

महाराष्ट्र के पुणे जिले में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी और शव को ठिकाने लगाने जाते समय पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

Maharashtra Police- India TV Hindi
Image Source : REPRESENTATIVE PIC पुलिस ने पति को पकड़ा

पुणे: महाराष्ट्र के पुणे जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी और फिर जब वह शव को ठिकाने के लिए अपने स्कूटर पर जा रहा था, तब पुलिस ने उसे पकड़ लिया। आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है।

क्या है पूरा मामला? 

पुलिस ने बताया कि मंगलवार को महाराष्ट्र के पुणे जिले में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी 26 वर्षीय पत्नी की हत्या कर दी और उसका शव स्कूटर पर ले जाते हुए पकड़ा गया। एक अधिकारी ने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस की एक गश्ती टीम ने 28 वर्षीय आरोपी को रोका, जो तड़के नांदेड़ शहर के इलाके में अपने दोपहिया वाहन पर सवार था। उन्होंने बताया कि टीम को महिला का शव एक बोरी में भरा हुआ मिला। 

अधिकारी ने बताया कि आरोपी राकेश निसार ने घरेलू विवाद के बाद कथित तौर पर धायरी इलाके में अपने अपार्टमेंट में अपनी पत्नी बबीता का गला घोंट दिया। उन्होंने बताया, 'पुलिस नियंत्रण कक्ष को रात करीब 1.30 बजे एक व्यक्ति द्वारा स्कूटर पर शव ले जाने की सूचना मिली। गश्ती दल ने वाहन को रोका और बोरी में भरी एक महिला का शव बरामद किया। अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश के एक मजदूर निसार को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है।' 

हालही में एक पिता ने कर दी थी अपने बेटे की हत्या

इससे पहले संपत्ति विवाद में एक बाप ने अपने ही बेटे की हत्या कर दी थी। मामला महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के आमगांव तहसील का था। आमगांव पुलिस ने जानकारी देते बताया कि थाने से 5 किलोमीटर दूर ग्राम किड़गीपार में रहने वाले नामदेव दुर्गाजी बागड़े (55) का अपने बेटे रमेश नामदेव बागड़े (31) के साथ प्रॉपर्टी के बंटवारे को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा था। पुलिस ने बताया 30 अप्रैल की रात को बाप ने अपने बेटे की हत्या कर दी। (इनपुट: PTI)