A
  1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. पानी की टंकी साफ करने के दौरान नाबालिग की मौत, पुलिस ने ठेकेदार को किया गिरफ्तार

पानी की टंकी साफ करने के दौरान नाबालिग की मौत, पुलिस ने ठेकेदार को किया गिरफ्तार

ठाणे में 16 साल के लड़के की पानी की टंकी की सफाई करते वक्त करंट लगने से मौत हो गई, जिसके चलते ठेकेदार को लापरवाही के आरोप में गिरफ्तार किया गया। वहीं, मुंबई में एक टीचर पर छात्रा की पिटाई का मामला दर्ज हुआ है।

Minor Death, Minor Death Thane, Water Tank Death- India TV Hindi
Image Source : PIXABAY REPRESENTATIONAL पुलिस ने आरोपी ठेकेदार को गिरफ्तार कर लिया है।

ठाणे: महाराष्ट्र के ठाणे शहर में 16 साल के एक लड़के की पानी की टंकी साफ करने के दौरान बिजली का करंट लगने से मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद हरकत में आई पुलिस ने ठेकेदार को गिरफ्तार कर लिया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि 40 साल के ठेकेदार को घोड़बंदर रोड स्थित हाउसिंग सोसाइटी ने पानी की टंकियां साफ करने के लिए ठेका दिया था। उन्होंने बताया कि ठेकेदार ने 22 मार्च को बिना किसी सुरक्षा उपकरण के नाबालिग को सफाई के लिए टंकी के अंदर भेज दिया।

‘सफाई के दौरान लड़के को करंट लग गया’

कासरवडावली पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि सफाई के दौरान लड़के को करंट लग गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया। अधिकारी ने बताया कि पहले दुर्घटना के चलते हुए मौत का मामला दर्ज किया गया था, लेकिन जांच के बाद ठेकेदार को लापरवाही का दोषी मानते हुए FIR दर्ज कर उसे सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि ठेकेदार के खिलाफ BNS की धारा 105 (गैर इरादतन हत्या) और किशोर न्याय अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।

मुंबई में टीचर के खिलाफ दर्ज हुई FIR

वहीं महाराष्ट्र से ही आई एक अन्य खबर में मुंबई के एक स्कूल में पांचवी कक्षा की 11 वर्षीय एक छात्रा की पिटाई करने के आरोप में एक शिक्षिका के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। एक अधिकारी ने दर्ज की गई शिकायत के हवाले से मंगलवार को बताया कि यह घटना 21 मार्च को चेंबूर इलाके के एक स्कूल में हुई, जहां शिक्षिका ने छात्रा को कक्षा में बात करने के आरोप में बेंत से उसकी कलाई, पीठ और कमर पर कई बार मारा जिससे उसे चोटें आईं। छात्रा के पिता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में कहा गया है कि उनकी बेटी कक्षा में बात नहीं कर रही थी, बल्कि केवल पीछे देख रही थी। इसके बावजूद शिक्षिका ने उसे सजा दी।