मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अजीबोगरीब मामला देखने को मिला है। सीमा शुल्क अधिकारियों ने शनिवार को एक यात्री से ‘रैकून’, काली लोमड़ी और ‘इगुआना’ समेत 45 जंगली जानवर जब्त किए हैं।
थाई एयरवेज से मुंबई पहुंचा यात्री
हवाई अड्डे पर मौजूद अधिकारी ने कहा कि इस यात्री को तड़के थाई एयरवेज की उड़ान से मुंबई पहुंचने पर पकड़ा गया। बैग की तलाशी लेने के दौरान सीमा शुल्क विभाग की टीम को यात्री के बैग से 45 जानवर मिले हैं।
तस्करी के लिए लाए गए ये जानवर
इन जानवरों में ‘रैकून’, ‘हाईरेक्स (जो खरगोश जैसे दिखते हैं)’, काली लोमड़ी और ‘इगुआना’ आदि शामिल थे। अधिकारियों ने कहा कि इन जानवरों को तस्करी के जरिए लाया जा रहा था। यात्री के बैग में रखे कई जानवरों की दम घुटने से मौत भी हो गई थी।
जिस देश के हैं जानवर, वापस वहां भेजा जाएगा
अधिकारी ने कहा कि ‘रेसक्विंक एसोसिएशन फोर वाइल्डलाइफ वेलफेयर’ के विशेषज्ञों ने जानवरों की देखभाल और उन्हें स्थिर करने में मदद की, जिन्हें वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार उनके मूल देश में वापस भेज दिया जाएगा।
हवाई अड्डे पर जानवरों की तस्करी के मामले
बता दें कि पिछले 35 दिनों में मुंबई हवाई अड्डे पर 380 जानवरों की तस्करी के मामले सामने आए हैं, जिनमें 15 विभिन्न प्रजातियों जैसे शुगर ग्लाइडर, पिट वाइपर, और हनी बेयर शामिल हैं। जून 2025 में चार मामलों में 284 विदेशी जानवर, जिनमें सांप, इगुआना, और संरक्षित प्रजातियां शामिल थीं। सभी जानवरों को जब्त कर लिया गया था। पांच लोगों को गिरफ्तार भी किया गया था।
(भाषा के इनपुट के साथ)