महाराष्ट्र के मुंबई में चलती कार में आग लग गई है। कोस्टल रोड पर कार में आग लगने से लोगों को ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा। जानकारी के मुताबिक, कोस्टल रोड की नॉर्थबाउंड लेन पर जा रही कार में आग लगी है। आग के कारण कोस्टल रोड की सुरंग में धुएं का गुबार भर गया, जिसके चलते एहतियातन कोस्टल रोड पर यातायात रोक दिया गया।
हाजी अली से वर्ली जाने वाले रास्ते पर हादसा
बता दें कि ये घटना आज (बुधवार को) दोपहर 12 बजकर 25 मिनट के करीब हुई। यह घटना जिस रोड पर हुई वह हाजी अली से वर्ली की तरफ जाती है। आग की घटना की सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम, पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची व अपनी कार्रवाई शुरू की।
आग की चपेट में आने से बचे कार सवार
गनीमत रही कि चलती कार में आग लगने के बावजूद उस कार में सवार रहा ड्राइवर सुरक्षित है। वह समय रहते कार से बाहर निकल आया और आग की चपेट में आने से बच गया। हालांकि, अभी इस बात की कंफर्मेंशन नहीं है कि जिस कार में आग लगी है, उसमें कुल कितने लोग सवार थे।
कार में आग लगने का कारण अभी साफ नहीं
मुंबई फायर ब्रिगेड का कहना है कि टनल के अंदर कार में आग किस वजह से लग गई, इसका पता लगाया जा रहा है। हो सकता है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से कार में आग लगी हो लेकिन अभी इसकी पुष्टि नहीं हो सकती है। कार में आग लगने की वजह जांच के बाद ही सामने आएगी।
आग की वजह से टनल में लगा लंबा जाम
गौरतलब है कि टनल के अंदर कार में आग लगने और उसकी वजह से सुरंग में धुआ भरने से मौके पर अफरातफरी मच गई। उसी रास्ते से आगे की तरफ जाने वाले लोगों ने अपनी गाड़ियां रोक दीं और इसकी वजह से टनल में जाम लग गया। इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हॉर्न की तेज आवाजें सुनाई दे रही हैं। वहीं लोग आग की वजह से घबराए हुए नजर आ रहे हैं। हाल ही में, मुंबई एयरपोर्ट के पास अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशन में भी आग लग गई थी, जिसकी वजह से अफरातफरी का माहौल बन गया था।
ये भी पढ़ें- डोंबिवली की मशहूर 'कैलास लस्सी' दुकान में भीषण आग, खिड़की से कूदकर कर्मचारियों ने बचाई जान