1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. मुंबई से तीन फर्जी पुलिसवाले गिरफ्तार, ऐसा ID कार्ड बनाया था, जो होता ही नहीं, वर्दी पहन करते थे वसूली

मुंबई से तीन फर्जी पुलिसवाले गिरफ्तार, ऐसा ID कार्ड बनाया था, जो होता ही नहीं, वर्दी पहन करते थे वसूली

आरोपियों ने ऐसा आईडी कार्ड बना रखा था, जो असल में होता ही नहीं है। तीनों आरोपी गाड़ी में पुलिस का स्टिकर लगाकर घूमते थे और पुलिस की वर्दी में वसूली करते थे।

Fake ID Card- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT आरोपियों के फर्जी आईडी कार्ड

मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने तीन फर्जी पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी फर्जी पुलिस का अधिकारी बनकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह में शामिल थे। आरोपियों ने मुंबई पुलिस की यूनिट का ऐसा आई कार्ड बनाया था, जो होता ही नहीं है। आरोपी खुद को पुलिस अधिकारी बताकर लोगों से ठगी करते थे। डीसीपी डिटेक्शन राज तिलक रौशन ने बताया कि ये लोग बकायदा पुलिस स्टीकर की वैन, पुलिस की वर्दी और पुलिस का डंडा, नकली रिवॉल्वर लेकर घूमते थे।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी फर्जी सरकारी पहचान पत्र और पुलिस अधिकारी का रौब दिखाकर बैंक से लोन मंजूर कराने का झांसा देकर लोगों से पैसे ऐंठते थे। आरोपियों के पास से नकली पुलिस अधिकारी के नाम पर बने फर्जी पहचान पत्र और अन्य नकली दस्तावेज बरामद किए गए हैं। इस मामले में मुंबई के सहार पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

एक आरोपी पर पहले से कई मामले दर्ज

जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक के खिलाफ पहले भी कस्तूरबा मार्ग, साकीनाका और खेरवाड़ी पुलिस थानों में धोखाधड़ी और जालसाजी के कई मामले दर्ज हैं। यह कार्रवाई मुंबई क्राइम ब्रांच की यूनिट-1 ने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की है । पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

गुजरात में भी पकड़ा गया था आरोपी

24 मई को गुजरात के सुरेंद्रनगर में एक फर्जी पुलिसकर्मी को गिरफ्तार किया गया था। आरोपी खुद को पुलिस उपाधीक्षक बताकर लोगों से ठगी करता था। सायला निवासी सोहिलखान पठान (31) को राजकोट रेंज पुलिस की एक टीम ने फर्जी पहचान बनाकर साइबर अपराध करने और लोगों को धोखा देने के आरोप में गिरफ्तार किया था। इसके मुताबिक, पठान ने वित्तीय लाभ प्राप्त करने के लिए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग करके फर्जी दस्तावेज, तस्वीरें और पहचान पत्र बनाए थे और उन्हें सोशल मीडिया पर साझा किया था।

दिल्ली में पकड़े गए थे तीन आरोपी

11 मई को दिल्ली पुलिस ने दिल्ली के पीतमपुरा इलाके में तीन फर्जी पुलिसवालों को पकड़ा था। इनमें एक नाबालिग भी शामिल था। इन तीनों ने फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर राजस्थान के एक व्यक्ति से 50 लाख रुपये की ठगी की थी। उनके पास से 33.5 लाख रुपये नकद बरामद किए गए थे।

यह भी पढ़ें-

मुंबई में CSMT के बाहर धारदार कोयता लिए युवक का हंगामा, लोगों को दौड़ाया; पुलिस ने पीछे से आकर दबोचा

मुंबई के मॉल में '1 रुपये की सेल' सुनकर उमड़ी भीड़, भगदड़ जैसी स्थिति बनी; पुलिस ने संभाले हालात