1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. अमूल और गोकुल दूध के पैकेट काटकर मिला देते थे गंदा पानी, फिर दोबारा सील कर देते थे, मुंबई में सामने आया हैरान करने वाला मामला

अमूल और गोकुल दूध के पैकेट काटकर मिला देते थे गंदा पानी, फिर दोबारा सील कर देते थे, मुंबई में सामने आया हैरान करने वाला मामला

मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने ऐसे लोगों को गिरफ्तार किया है जो कि नामी कंपनियों के दूध में गंदा पानी मिलाकर मिलावट का काम करते थे। आइए जानते हैं पूरा मामला।

maharashtra adulterated milk raid- India TV Hindi
Image Source : REPORTER दूध में मिलावट करने वाले पकड़े गए।

भारत के विभिन्न हिस्सों से लगताार मिलावटी दूध के मामले सामने आ रहे हैं। पुलिस द्वारा ऐसा करने वालों के खिलाफ एक्शन भी लिया जा रहा है। अब मुंबई पुलिस क्राइम ब्रांच की यूनिट-11 ने गोरेगांव इलाके में कार्रवाई करते हुए दूध में मिलावट करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 558 लीटर मिलावटी दूध, नकली खाली दूध की 224 थैलियां, मिलावट में इस्तेमाल होने वाला सामान और एक मोबाइल फोन समेत कुल 50304 रुपये का माल जब्त किया गया है।

पुलिस ने क्या बताया?

इस कार्रवाई को लेकर डीसीपी नवनाथ ढवले ने बताया कि पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि गोरेगांव स्थित अंकुर बिल्डिंग के पास सिद्धिविनायक सेवा मंडल सोसायटी, प्रेम नगर, तीन डोंगरी और लिंक रोड इलाके में दो व्यक्ति नामी दूध कंपनियों के पैकेटों में अस्वच्छ पानी मिलाकर मिलावटी दूध तैयार कर रहे हैं और उसे नागरिकों तक पहुंचा रहे हैं। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच यूनिट-11, कांदिवली की टीम ने बृहन्मुंबई अन्न एवं औषध प्रशासन के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के साथ संयुक्त छापेमारी की।

कैसे करते थे मिलावट?

पुलिस द्वारा 15 जुलाई 2026 की सुबह की गई कार्रवाई के दौरान जांच में सामने आया कि आरोपी अमूल गोल्ड, अमूल ताजा और गोकुल ब्रांड के दूध के मूल पैकेटों को काटकर उनमें से कुछ मात्रा में दूध निकालते थे और उसकी जगह अस्वच्छ पानी मिलाते थे। इसके बाद पैकेटों को दोबारा सील कर उन्हें असली और प्रमाणित दूध बताकर बेचने की तैयारी की जा रही थी। आपको बता दें कि इससे पहले महाराष्ट्र के धाराशिव जिले में भी 9 करोड़ रुपये से ज्यादा का नकली दूध पकड़ा गया था।

क्या-क्या बरामद हुआ?

इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अमूल और गोकुल कंपनियों के करीब 39,504 रुपये मूल्य के 558 लीटर मिलावटी दूध, अमूल ताजा और अमूल गोल्ड की 224 खाली नकली पाउच, मिलावट में इस्तेमाल होने वाली सामग्री तथा 10,000 रुपये मूल्य का मोबाइल फोन बरामद किया है। बरामद मिलावटी दूध को नष्ट कर दिया गया है। इस पूरे मामले में गोरेगांव पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें- मुंबई में 470 लीटर नकली दूध जब्त, छत्रपति संभाजी नगर में भी नकली दूध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई; मिलाते थे गंदा पानी

18 हजार रुपये बकाया नहीं देने पर 21 लाख का ट्रक ही कर दिया गायब, 342 गैस सिलेंडर भी ले गया